Bihar News: बिहार में अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा एक्शन! जुलाई में 1.21 लाख से ज्यादा छापेमारी, 13 हजार से अधिक गिरफ्तार

0
8

Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए राज्य सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने पुलिस के सहयोग से जुलाई महीने में राज्यभर में व्यापक अभियान चलाया, जिसके दौरान अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ बड़ी संख्या में छापेमारी और गिरफ्तारियां की गईं।

विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जुलाई से 31 जुलाई के बीच राज्यभर में 1,21,199 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस अभियान के दौरान 11,586 मामले दर्ज किए गए और 13 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 6,94,355 लीटर अवैध शराब जब्त की, जिसमें देसी और विदेशी दोनों तरह की शराब शामिल है। इसके अलावा शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 1,000 से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों में 809 दोपहिया वाहन के अलावा तिपहिया, चारपहिया वाहन और ट्रक भी शामिल हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है, जबकि नदी और अन्य जलमार्गों पर होने वाली तस्करी पर रोक लगाने के लिए मोटरबोट के जरिए लगातार गश्त की जा रही है।

इसके साथ ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण, नियमित छापेमारी और सतत निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि राज्य में शराबबंदी कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here