CM सम्राट चौधरी पहुंचे जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, छात्रों की मांग पर डिजिटल लाइब्रेरी का दिया भरोसा

0
33

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना के कंकड़बाग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास का निरीक्षण कर वहां रह रहे छात्रों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध शैक्षणिक, आवासीय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली तथा छात्रों की समस्याएं और सुझाव भी सुने।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से पठन-पाठन, भोजन, आवास, पुस्तकालय और अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। छात्रों ने बताया कि छात्रावास में पढ़ाई के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, परिसर की नियमित साफ-सफाई होती है और प्रत्येक माह 2,000 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जाती है। साथ ही उन्होंने पुस्तकालय को और आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया।

‘यह छात्रावास आपका घर है’ : मुख्यमंत्री

छात्रों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि “यह छात्रावास आप सभी के लिए घर के समान है। आपकी जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को आम लोगों तक प्रभावी और सुलभ तरीके से पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने छात्रों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा भविष्य में राज्य और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान भी किया।

जननायक कर्पूरी ठाकुर को दी श्रद्धांजलि

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके सामाजिक न्याय एवं शिक्षा के प्रति योगदान को याद किया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रधान सचिव दीपक कुमार, पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को छात्र कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। छात्रों द्वारा उठाई गई डिजिटल लाइब्रेरी की मांग पर सरकार के सकारात्मक रुख से भविष्य में छात्रावास की सुविधाओं में और विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here