संसद के मानसून सत्र में पेपर लीक को रोकने के लिए लाए गए कानून पर चर्चा करते हुए कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी वा़ड्रा ने सरकार पर तीखे प्रहार किए। लोकसभा में परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने पूछा कि लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करने की क्या आवश्यकता थी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंस्टाग्राम पर रील्स बनाए जाने को लेकर भी तंज किया। प्रियंका ने कहा कि पीएम को कैमरे का नहीं बल्कि दिल का एंगल बदलना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के युवाओं पर किसके कहने पर हमला किया गया।उन्होंने पूछा कि आखिर क्या जरूरत थी, बच्चों पर टीयर गैस छोड़ने की, लाठिंयां बरसाने की।बच्चे थे वे कोई आतंकवादी नहीं थे। कांग्रेस ने पूछा कि किसने आदेश दिया था बच्चों पर एके 47 और पेलेट गन से हमला करने की।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ”देश के युवाओं पर पेलेट गन और AK-47 चलाने की क्या जरूरत थी? क्या वे आतंकवादी थे?…पेलेट गन इस्तेमाल करने का ऑर्डर किसने दिया?…क्या प्रधानमंत्री ने दिया? क्या गृह मंत्री ने दिया? उन्हें जवाब देना चाहिए।पूरा देश पूछ रहा है।यह सिर्फ कांग्रेस पार्टी नहीं है. पूरा देश जवाब मांग रहा है।’
प्रियंका ने आगे कहा, ”इस सरकार ने रोजगार देने वाले सभी सेक्टर को लगातार कमजोर किया है। एग्जामिनेशन सिस्टम खुद फेल हो गया है।पिछले दस सालों में 152 पेपर लीक हुए हैं। करोड़ों स्टूडेंट्स पर असर पड़ा है, फिर भी एक भी दोषी, पेपर लीक माफिया के एक भी सदस्य को सजा नहीं मिली है।”
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, ”उन्होंने (सरकार) हमारे एजुकेशन सिस्टम को RSS प्रचारकों से भरकर खोखला कर दिया है।उन्होंने NTA को जबरदस्ती बनाकर और सिस्टम को सेंट्रलाइज़ करके मामले को और मुश्किल बना दिया है। देश के कुल बजट में एजुकेशन बजट का हिस्सा साल दर साल बढ़ने के बजाय असल में घट रहा है…”
प्रियंका ने प्रधानमंत्री से कहा, “आपके शासन के चलते नौजवान पीढ़ी के साथ घोर अन्याय हुआ है।इस सच्चाई को स्वीकार कीजिए।अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटने से काम नहीं चलेगा। आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आपको जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी। ठोस कदम उठाने पड़ेंगे।’ पीएम मोदी ने छात्र आंदोलन के बाद नई पीढ़ी से इंस्टाग्राम पर बातचीत बढ़ाया है। उन्होंने रील्स बनाए हैं। इस पर तंज करते हुए प्रियंका ने कहा कि पीएम को कैमरे का नहीं बल्कि दिल का एंगल बदलना होगा।

