तपती या उमस भरी गर्मी में घर ठंडा रखने का एक मात्र ऑप्शन AC होता है लेकिन AC के साथ भारी-भरकम बिजली बिल, आउटडोर कंप्रेसर/कंडेंसर की मरम्मत और मैकेनिक ढूंढने का झंझट आदि हमेशा बना रहता है। इन तमाम परेशानियों को तोड़ एक कूलिंग टेक्नोलॉजी ने निकाला है, जिसे CCS यानी कि सेंट्रलाइज्ड कूलिंग सिस्टम कहा जा रहा है। यह तकनीक सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं है बल्कि इसका इस्तेमाल सिंगापुर के टेंगाह जैसे आधुनिक ग्रीन टाउनशिप में हो रहा है।
सेंट्रलाइज्ड कूलिंग सिस्टम की खासियत है कि यह पानी से घरों को ठंडा करती है। इसमें घरों की छतों पर इंडस्ट्रियल चिलर्स लगाए जाते हैं। इनकी मदद से बेहद ठंडा पानी घरों तक पहुंचाकर उन्हें ठंडा बनाया जाता है। ऐसे में AC का बिल या उसे समय-समय पर ठीक कराने का झंझट और कंप्रेसर या कंडेंसर का शोर-शराबा परेशानी की वजह नहीं रहता।
अगर आपके घर में AC लगा है, तो आप जानते होंगे कि इसके साथ एक आउटडोर यूनिट आती है, जिसे कि घर के बाहर लगाना पड़ता है। यह कमरे की गर्म हवा को बाहर फेंकता है। सेंट्रलाइज्ड कूलिंग सिस्टम यानी कि CCS में ऐसे किसी आउटडोर यूनिट की जरूरत नहीं पड़ती।
इस तकनीक में बिल्डिंग की छतों पर बेहद कम बिजली खर्च करने वाले इंडस्ट्रियल चिलर्स के नेटवर्क को इस्तेमाल में लिया जाता है।
ये चिलर्स पानी को बहुत ठंडा करते हैं और फिर इस ठंडे पानी को खास पाइपों के जरिए सीधे लोगों घरों तक पहुंचाया जाता है।
यह सिस्टम सेंट्रलाइज तरीके से बिल्डिंग की छत पर काम करता है और यह कई घरों को अकेले कवर कर सकता है।
इसके बाद ठंडे पानी से घरों में मौजूद इनडोर यूनिट्स की हवा को ठंडा किया जाता है और इससे घर ठंडा होता है। इसमें किसी शोर, आउटडोर यूनिट की गर्मी और बिजली के बहुत ज्यादा खर्च की चिंता नहीं रहती
इस सिस्टम में समय के साथ कई सुधार भी हुए हैं। जैसे कि शुरुआत में CCS के इनडोर एयर-कंडीशनिंग यूनिट्स में पानी के रिसाव और कंडेनसेशन की समस्या आती थी।
इन समस्याओं को दूर करने के लिए सिस्टम की टेस्टिंग और कमिशनिंग टीम को तकनीकी रूप से मजबूत किया गया। इसके बाद घरों में पहले ही सिस्टम की बारीकी से जांच होती है। जिसकी वजह से CCS में फॉल्ट्स की संख्या अब न के बराबर रह गई है।
इन तमाम कोशिशों की वजह से सेंट्रलाइज्ड कूलिंग सिस्टम टेंगाह में पारंपरिक एयर कंडीशनर की जगह तेजी से ले रहा है। रिपोर्ट्स क एक सर्वे में करीब 70% लोगों ने इस सिस्टम को अपनाने की सलाह दूसरों को भी दी है।

