Bihar News: कला एवं संस्कृति विभाग में 9 नए अधिकारियों की नियुक्ति, मंत्री प्रमोद कुमार ने सौंपे Appointment Letter

0
27

Bihar News: बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग में मंगलवार को नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। विभागीय मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सहायक संग्रहालयाध्यक्ष, शोध एवं प्रकाशन पदाधिकारी तथा सहायक निदेशक पद पर चयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उनसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार (भा.प्र.से.), सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी (भा.प्र.से.), संग्रहालय निदेशालय के निदेशक कृष्ण कुमार (भा.प्र.से.) सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को दी बड़ी जिम्मेदारी

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर राज्य ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य विरासत है। ऐसे में नवचयनित अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें संग्रहालयों और सांस्कृतिक संस्थानों को नई सोच, नवाचार और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाना होगा।

उन्होंने अधिकारियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि विभाग की योजनाओं और सांस्कृतिक गतिविधियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

संग्रहालयों को अधिक आकर्षक और जनोन्मुखी बनाने पर जोर

मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बिहार की सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए अधिकारी संग्रहालयों को अधिक जनोन्मुखी, ज्ञानवर्धक और आधुनिक बनाएंगे, ताकि नई पीढ़ी राज्य के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके। साथ ही बिहार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी उनकी अहम भूमिका होगी।

इन अधिकारियों को मिली नई तैनाती

विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के विभिन्न संग्रहालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों में निम्नलिखित अधिकारियों की पदस्थापना की गई है—

शानु आनंद – बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप, वैशाली
सुजीत तिवारी – रामचंद्र शाही संग्रहालय, मुजफ्फरपुर
अमित रंजन – गया संग्रहालय, गया
सुधा सिंह – सीताराम उपाध्याय संग्रहालय, बक्सर एवं बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति संग्रहालय, जगदीशपुर
डॉ. सुमन कुमारी – नारद संग्रहालय, नवादा
दीपा चौहान – छपरा संग्रहालय
रवि कान्त कुमार – चंद्रधारी संग्रहालय, दरभंगा
दिलीप कुमार – लखीसराय संग्रहालय
रीता कुमारी – बेगूसराय संग्रहालय, बेगूसराय
सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को मिलेगी नई गति

विभाग का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से राज्य के संग्रहालयों और सांस्कृतिक संस्थानों की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी। साथ ही ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, शोध, दस्तावेजीकरण और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार को भी नई दिशा मिलेगी। इससे बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here