Bihar News: बिहार में रोजगार और कौशल विकास को मिलेगी नई गति, युवाओं के लिए शुरू होंगे कई नए प्रशिक्षण कार्यक्रम

0
25

पटना: बिहार के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और कौशल विकास कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में बिहार कौशल विकास मिशन की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल सकें।

दिव्यांग, ट्रांसजेंडर और विशेष वर्गों के लिए शुरू होगी नई पहल

बैठक में विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तीन नई निविदाएं जारी की गई हैं। इनके माध्यम से दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर समुदाय और मानसिक रोग से उबर चुके अभ्यर्थियों को विशेष कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।

उन्होंने बताया कि इन वर्गों को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विशेष रणनीति के तहत कार्य कर रही है।

बिहार संग्रहालय में शुरू होगा ‘म्यूजियम टूर गाइड’ कोर्स

बैठक में बिहार संग्रहालय से प्राप्त प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके तहत संग्रहालय परिसर में ‘म्यूजियम टूर गाइड’ प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए बिहार संग्रहालय को सरकारी प्रशिक्षण प्रदाता के रूप में पंजीकृत करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस पहल से पर्यटन और सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

23 नए विभागों में शुरू होगा डोमेन स्किलिंग प्रशिक्षण

कौशल विकास कार्यक्रमों को व्यापक बनाने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से सेक्टर आधारित जॉब रोल तैयार किए गए हैं। डोमेन स्किलिंग योजना के तहत 23 नए विभागों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए कार्यशालाओं का आयोजन कर संबंधित विभागों को प्रशिक्षण प्रक्रियाओं, वित्तीय प्रावधानों और रोजगार से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी।

विदेशी भाषा सीखकर बढ़ेगी युवाओं की रोजगार क्षमता

बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा युवाओं को अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में जर्मन, अंग्रेजी, जापानी और अरबी भाषा पाठ्यक्रमों में कुल 111 युवाओं का नामांकन हो चुका है। वहीं कोरियन भाषा प्रशिक्षण के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। जल्द ही पटना सिटी स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में नया विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जाएगा, जहां अंग्रेजी, कोरियन, जापानी, जर्मन और अरबी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

बैठक में बताया गया कि बिहार कौशल विकास मिशन और वर्ल्ड स्किल सेंटर, भुवनेश्वर के बीच सहयोग के माध्यम से वैश्विक स्तर की प्रशिक्षण पद्धतियों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में राज्य के सभी 152 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) से एक-एक प्रशिक्षक को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और संस्थागत क्षमता को मजबूत करना है।

रोजगार योजनाओं की भी हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS), राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) तथा अन्य रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान और कार्यशालाओं का दायरा बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। बैठक में बिहार कौशल विकास मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हेमंत कुमार सिंह और मिशन निदेशक मनीष शंकर भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here