Patna Rozgar Mela: बिहार की राजधानी पटना के ज्ञान भवन में सोमवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र रोजगार मेला 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा आयोजित इस मेगा रोजगार मेले में पहले ही दिन हजारों युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम का उद्घाटन युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग-सह-श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
100 कंपनियां और 20 हजार वैकेंसी

इस रोजगार मेले में देश की करीब 100 प्रतिष्ठित कंपनियां और स्वास्थ्य संस्थान भाग ले रहे हैं, जिनमें लगभग 20 हजार रिक्तियां उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि 62 हजार से अधिक युवाओं ने मेले के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।
मेले में मेदान्ता, अपोलो, पारस, रुबन, अखंड ज्योति और पोर्टिया जैसे बड़े अस्पताल शामिल हुए हैं। वहीं विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने वाली कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी युवाओं को अवसर दे रही हैं।
पहले दिन 2438 युवाओं का चयन
रोजगार मेले के पहले दिन 13 हजार से अधिक युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें से 2438 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों और संस्थानों द्वारा किया गया। पूरे बिहार से युवा इस मेले में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
‘युवाओं की सफलता ही बिहार की ताकत’

मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि यह मेला केवल रोजगार का मंच नहीं बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के “सात निश्चय-3” के तहत सरकार युवाओं को कौशल, सम्मानजनक रोजगार और बेहतर आय के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कौशल विकास पर ध्यान दें और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। मंत्री ने कहा कि युवाओं की सफलता ही बिहार की ताकत और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
विदेशों में भी नौकरी का मौका
सचिव डॉ. कौशल किशोर ने बताया कि पहली बार स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए इतने बड़े स्तर पर केंद्रीकृत रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यूरोप और खाड़ी देशों में नर्सिंग और केयरगिवर सेक्टर में रोजगार की भारी मांग है और बिहार के युवाओं के लिए वहां भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि करियर की शुरुआत में वेतन को लेकर निराश न हों बल्कि सीखने और अनुभव हासिल करने पर ध्यान दें।
27 मई तक चलेगा मेला
यह रोजगार मेला 25, 26 और 27 मई तक ज्ञान भवन, पटना में जारी रहेगा। सरकार का मानना है कि यह पहल युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

