Bihar News: ‘बेहतर ग्राम पंचायत विकास योजना से विकसित बिहार व विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में मिलेगी गति’

0
8

Bihar News: बिहार सरकार ने “विकसित बिहार एवं विकसित भारत @2047” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायत स्तर पर विकास की नई रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पंचायती राज विभाग, बिहार द्वारा विद्यापति भवन, पटना में पंचायत विकास योजना निर्माण विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेहतर ग्राम पंचायत विकास योजना ही विकसित बिहार की मजबूत नींव बनेगी और गांवों के समग्र विकास को नई दिशा देगी।

ग्राम सभा और महिला सभा को मिलेगा ज्यादा महत्व

कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना एक ऐसा महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसके जरिए गांवों में विकास कार्यों की रूपरेखा तय होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सभा, महिला सभा और बाल सभा का नियमित आयोजन कर स्थानीय जरूरतों के आधार पर योजनाएं बनाई जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

मंत्री ने पंचायतों की आर्थिक मजबूती पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को अपने Own Source of Revenue बढ़ाने की दिशा में गंभीरता से काम करना होगा, ताकि पंचायतें आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें और विकास कार्यों को तेजी से लागू कर सकें।

अपशिष्ट प्रबंधन और डिजिटल सिस्टम पर फोकस

दीपक प्रकाश ने पंचायतों में ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) पोर्टल और ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर आंकड़ों की सही और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत @2047” विजन को जमीन पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

पंचायतों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

कार्यशाला में प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना, 16वीं वित्त आयोग, ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही समूह गतिविधियों के जरिए स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) पर व्यवहारिक अभ्यास भी कराया गया।

इस दौरान People’s Plan Campaign 2026-27 के तहत पंचायत विकास योजना निर्माण विषय पर प्रकाशित पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक नवीन कुमार सिंह, बिहार राज्य पंचायत संसाधन संस्थान के प्राचार्य ललित राही समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here