Bihar News: अब बदलेगी बिहार की पहचान! सरकार ने लॉन्च किया ‘Brand Bihar’, निवेश और विकास पर फोकस

0
4

Bihar News:बिहार सरकार ने राज्य की पहचान, छवि और निवेश क्षमता को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर मजबूत करने के लिए एक बड़ी पहल की शुरुआत की है। बुधवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव कोषांग की ओर से ‘ब्रांड बिहार’ पहल लॉन्च करने की घोषणा की गई। इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य बिहार को निवेश, नवाचार, उद्यमिता और अवसरों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

यह पहल बिहार सरकार के मुख्य सचिव कोषांग के तहत संचालित होगी और राज्य के विकास, सांस्कृतिक विरासत, संस्थागत सुधारों और जमीनी बदलावों को एक मजबूत नैरेटिव के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाएगी।

बिहार की बदलेगी छवि, विकास की कहानी पहुंचेगी दुनिया तक

सरकार के अनुसार ‘ब्रांड बिहार’ केवल एक कम्युनिकेशन प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि बिहार की दीर्घकालिक छवि निर्माण और राज्य परिवर्तन की रणनीति है। इसके तहत राज्य में हो रहे विकास कार्यों, सुधारों, स्टार्टअप्स, उद्योग, शिक्षा, सांस्कृतिक विरासत और नागरिकों की सकारात्मक कहानियों को व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य बिहार की एक प्रगतिशील और विश्वसनीय पहचान तैयार करना है, ताकि निवेशकों, उद्योगों और वैश्विक संस्थाओं के बीच राज्य की सकारात्मक छवि मजबूत हो सके।

AI से होगी सेंटीमेंट मॉनिटरिंग, बनेगा स्मार्ट डैशबोर्ड

‘ब्रांड बिहार’ पहल में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार AI आधारित सेंटीमेंट मैपिंग और निगरानी डैशबोर्ड तैयार करेगी, जिससे बिहार को लेकर लोगों की धारणा, प्रतिक्रियाएं और जनभावनाओं का विश्लेषण किया जा सकेगा।

सरकार का मानना है कि डेटा आधारित रणनीति और साक्ष्य-आधारित स्टोरीटेलिंग के जरिए बिहार की वास्तविक तस्वीर को सामने लाया जा सकेगा।

निवेश और स्टार्टअप्स पर रहेगा खास फोकस

इस पहल के तहत बिहार को निवेश के अनुकूल राज्य के रूप में प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, उद्योगों, स्टार्टअप्स और उद्यमिता की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित किया जाएगा।

इसके साथ ही सरकार विभिन्न विभागों, उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों और समुदायों के साथ मिलकर एक सहयोगी प्लेटफॉर्म तैयार करेगी, जिससे राज्य की विकास यात्रा को और गति मिल सके।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत करेंगे नेतृत्व

‘ब्रांड बिहार’ पहल को रणनीतिक दिशा बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के नेतृत्व में दी जाएगी। इस अभियान में श्रद्धा शर्मा भी सहयोग प्रदान करेंगी।

सरकार ने कहा कि यह पहल सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी, ताकि बिहार की उपलब्धियों और विकास की कहानी को प्रभावशाली तरीके से दुनिया के सामने रखा जा सके।

“सिर्फ प्रचार नहीं, बिहार के भविष्य की रणनीति”

लॉन्च के मौके पर सरकार की ओर से कहा गया कि ‘ब्रांड बिहार’ केवल प्रचार अभियान नहीं है, बल्कि यह विकास, पहचान, निवेश और नागरिक भागीदारी को जोड़ने वाला एक दीर्घकालिक विजन है। इसका मकसद बिहार को एक मजबूत, प्रामाणिक और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में स्थापित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here