Bihar News: पटना स्थित सिंचाई भवन में बुधवार को आयोजित भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने 15 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
समारोह में 6 सहायक अभियंताओं, अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 6 निम्नवर्गीय लिपिकों तथा 3 कार्यालय परिचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
“अब आप विभाग परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं”
नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज से सभी नवनियुक्त कर्मचारी जल संसाधन विभाग परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम जनता के लिए सिंचाई तथा बाढ़ सुरक्षा जैसी अहम सेवाएं उपलब्ध कराता है, इसलिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि विभाग की छवि क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मियों की सक्रियता एवं कार्यकुशलता से बनती है। ऐसे में सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
इंजीनियरों को मिला फील्ड विजिट का निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से नवनियुक्त सहायक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग की योजनाएं सीधे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी हैं, इसलिए जमीनी स्तर पर सतर्कता बेहद जरूरी है।
अनुकंपा नियुक्ति को बताया विभाग की संवेदनशीलता
कार्यक्रम के दौरान विजय चौधरी ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मियों का जिक्र करते हुए कहा कि विभाग की यह संवेदनशील पहल है कि किसी कर्मचारी के निधन के बाद उनके आश्रितों को शीघ्र नौकरी दी जाती है। उन्होंने इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने वाले अधिकारियों की भी सराहना की।
सचिव ने कहा- विभाग देगा पूरा सहयोग
समारोह में विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भी सभी नवनियुक्त अभियंताओं और कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विभाग को उनसे उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है और दायित्वों के निर्वहन में विभाग हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस अवसर पर अभियंता प्रमुख ब्रजेश मोहन, तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, संयुक्त सचिव अजय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

