Bihar News: एक दिन में लगाए 9 हजार पौधे, अब बिहार की इस पंचायत को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

0
27

Bihar News: बिहार की एक पंचायत ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में ऐसा काम कर दिखाया है, जिसकी चर्चा अब राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। सीतामढ़ी जिले के बथनाहा प्रखंड स्थित महुआवा पंचायत का चयन राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 के तहत “क्लाइमेट एक्शन स्पेशल पंचायत अवार्ड” (CASPA) के लिए किया गया है। इस उपलब्धि के साथ पंचायत ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

इस शानदार उपलब्धि के लिए पंचायत के मुखिया संजीव भूषण को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि पंचायत ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक ही दिन में करीब 9 हजार पौधे लगाकर अनोखा रिकॉर्ड बनाया था।

9 हजार पौधों से बदली पंचायत की तस्वीर

महुआवा पंचायत में लगाए गए हजारों पौधे आज हरियाली, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए पंचायत की ओर से कंटीले तारों से घेराबंदी भी कराई गई है ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

इतना ही नहीं, पंचायत में बेटियों के जन्म पर घर के बाहर फलदार पौधा लगाने की अनिवार्य पहल भी शुरू की गई है। इस अभियान के तहत अब तक करीब 250 पौधे लगाए जा चुके हैं। वर्तमान में पंचायत क्षेत्र में एक लाख से अधिक फलदार और औषधीय पेड़ मौजूद हैं।

बॉयोगैस और जल संरक्षण से बना मॉडल पंचायत

महुआवा पंचायत सिर्फ पौधरोपण तक सीमित नहीं रही, बल्कि सतत विकास के कई मॉडल भी यहां तैयार किए गए हैं। पंचायत में पांच या उससे अधिक पशु रखने वाले परिवारों को बॉयोगैस प्लांट से जोड़ने की पहल की गई है।

इसके तहत 50 परिवारों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 12 परिवारों में बॉयोगैस प्लांट पूरी तरह चालू हो चुके हैं। इससे हर परिवार को हर महीने लगभग 2 हजार रुपये तक की बचत हो रही है।

तालाब, सोलर सिस्टम और डिजिटल मॉनिटरिंग पर जोर

पंचायत में 35 से 60 कट्ठे क्षेत्रफल वाले 10 बड़े तालाब विकसित किए गए हैं। इन तालाबों में जल संचयन के साथ-साथ मछली पालन भी किया जा रहा है। वहीं नदियों के जीर्णोद्धार से भूजल स्तर को बेहतर बनाए रखने में मदद मिली है।

इसके अलावा पंचायत के स्कूलों में सोलर प्लेट लगाए गए हैं और मिड-डे मील समेत कई गतिविधियों की निगरानी मोबाइल ऐप के जरिए की जा रही है। इन प्रयासों ने महुआवा पंचायत को पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक ग्रामीण विकास का सफल मॉडल बना दिया है।

मंत्री ने बताया पूरे बिहार के लिए प्रेरणा

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने इस उपलब्धि पर पंचायत और मुखिया संजीव भूषण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महुआवा पंचायत ने जलवायु संरक्षण, पौधरोपण, जल संचयन, बॉयोगैस और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं, वे पूरे बिहार के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मंत्री ने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण इलाकों में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में मदद करेंगे और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक बनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here