Heat Wave Alert: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण शरीर में तेजी से पानी की कमी होने लगती है, जिससे डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
डॉक्टर्स के मुताबिक, इस मौसम में तेज सिरदर्द, मितली, उल्टी, दस्त और शरीर का तापमान बढ़ना जैसे लक्षण आम हो जाते हैं। कई मामलों में स्थिति गंभीर होकर हार्ट अटैक और स्ट्रोक तक पहुंच सकती है।
बिना खाए घर से निकलना पड़ सकता है भारी
गर्मी में खाली पेट घर से निकलना सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है। इससे चक्कर आना और कमजोरी महसूस होना आम बात है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि बाहर जाने से पहले हल्का और सुपाच्य भोजन जरूर करें। दही, खिचड़ी, खीरा, ककड़ी और नारियल पानी जैसे विकल्प शरीर को ठंडक देने के साथ एनर्जी भी बनाए रखते हैं।
सूती कपड़ा बना सकता है आपका ‘हीट शील्ड’
तेज धूप में बाहर निकलते वक्त एक सूती कपड़ा साथ रखना बेहद फायदेमंद साबित होता है। यह पसीना सोखने में मदद करता है और त्वचा को भी सुरक्षित रखता है।
साथ ही इसका इस्तेमाल चेहरे को ढकने के लिए भी किया जा सकता है, जिससे सीधी धूप का असर कम होता है।
आंखों की सुरक्षा भी है जरूरी, सनग्लास बनाएं आदत
गर्म हवाएं और तेज धूप सिर्फ त्वचा ही नहीं, आंखों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। इससे आंखों में जलन, ड्राईनेस और दर्द की समस्या हो सकती है।
ऐसे में बाहर निकलते समय सनग्लास पहनना बेहद जरूरी है, खासकर अगर आपको धूप में लंबा समय बिताना है या बाइक से सफर करना है।
पानी की बोतल साथ रखना है लाइफलाइन
गर्मी में हाइड्रेट रहना सबसे जरूरी है। घर से निकलते समय पानी की बोतल जरूर साथ रखें। आप चाहें तो पानी में नींबू और काला नमक मिलाकर ले जा सकते हैं, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और डिहाइड्रेशन से बचाता है।
सिर को ढकना है सबसे बड़ा बचाव
धूप में सीधे सिर पर पड़ने वाली गर्मी शरीर के तापमान को तेजी से बढ़ा देती है। इससे हीट स्ट्रोक का खतरा और बढ़ जाता है।
इसलिए बाहर जाते समय कैप, हैट या छाता जरूर इस्तेमाल करें। यह न सिर्फ सिर बल्कि शरीर के अन्य हिस्सों को भी धूप से बचाने में मदद करता है।
सनस्क्रीन से बचाएं त्वचा, नहीं तो होंगे रैशेज
गर्मी में त्वचा का खास ध्यान रखना जरूरी है। धूप के संपर्क में आने से स्किन पर रैशेज और टैनिंग की समस्या बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए बाहर निकलने से पहले 50+ SPF वाली सनस्क्रीन लगाना जरूरी है, ताकि त्वचा सुरक्षित रह सके।
सावधानी ही है सबसे बड़ा बचाव
गर्मी के इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बड़ी परेशानी बन सकती है। सही खानपान, हाइड्रेशन और जरूरी सावधानियों को अपनाकर हीट स्ट्रोक से बचा जा सकता है। अगर लक्षण गंभीर लगें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना ही सबसे सही कदम है।

