Bihar News: किसानों के लिए बड़ा तोहफा! गेहूं के साथ मसूर-चना-सरसों की भी होगी खरीद

0
21
  • रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए राज्य में गेहूं अधिप्राप्ति के लक्ष्य में हुई वृद्धि

  • पहले गेहूं खरीद का लक्ष्य था 18,000 मीट्रिक टन

  • इस वर्ष 2,585 रुपये के एमएसपी पर हो रही खरीदारी

  • राज्य में 1 अप्रैल से शुरू है गेहूं की खरीददारी, 15 जून तक चलेगी

Bihar News: केंद्र और राज्य सरकार ने गेहूं की अधिप्राप्ति यानी खरीददारी को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। केंद्र की स्वीकृति के बाद राज्य में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर एक लाख 80 हजार मीट्रिक टन कर दिया गया है, जो कि पहले से 10 गुना अधिक है। पहले गेहूं खरीद का लक्ष्य 18,000 मीट्रिक टन निर्धारित था। सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा।

संशोधित लक्ष्य के अनुसार अब कुल खरीददारी में से 1,30,000 मीट्रिक टन गेहूं पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से तथा 50,000 मीट्रिक टन भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के माध्यम से खरीदा जाएगा। राज्य में गेहूं खरीददारी का कार्य बीते 1 अप्रैल से प्रारंभ है, जो 15 जून तक चलेगा। रबी विपणन मौसम 2026-27 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

गेहूं खरीददारी के लक्ष्य में की गई यह वृद्धि राज्य के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा कृषि आय में वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने कृषि विभाग से प्राप्त जिलावार उत्पादन अनुमान के आधार पर पैक्स एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से गेहूं खरीददारी के लिए जिलावार लक्ष्य का पुनर्निर्धारण कर दिया है। सभी जिला पदाधिकारियों को संशोधित लक्ष्य के अनुरूप अधिप्राप्ति कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने का निर्देश दिया गया है।

32 हजार मीट्रिक टन मसूर की होगी खरीदारी

राज्य में सरकार किसानों से एमएसपी पर 32 हजार मीट्रिक टन मसूर की खरीदारी करेगी। रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए मसूर का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी 7,000 रुपये निर्धारित किया गया है। मसूर के लिए किसानों को अच्छी कीमत मिलने से उनकी आय में भारी बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही 16,750 मीट्रिक टन चना और 28,000 मीट्रिक टन सरसों की खरीदारी एमएसपी पर की जाएगी। मसूर अधिप्राप्ति 10 अप्रैल से शुरू है, जो कि 31 मई तक चलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here