Bihar News: बिहार में बुनियादी ढांचे और आवश्यक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सोमवार को ‘क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप’ (CMG) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रत्यय अमृत ने की, जिसमें कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में राज्य की वर्तमान स्थिति, आपूर्ति व्यवस्था और पाइपलाइन परियोजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।
PNG कार्यों की धीमी प्रगति पर सख्त नाराजगी
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने राज्य में पीएनजी (PNG) पाइपलाइन परियोजनाओं की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी तेल कंपनियां ‘मिशन मोड’ में काम करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकांश जिलों में लक्ष्य से पीछे PNG कनेक्शन
बैठक में सामने आया कि पटना और मुजफ्फरपुर को छोड़ अधिकांश जिलों में घरेलू पीएनजी कनेक्शन (DPNG) लक्ष्य से काफी पीछे हैं। भूमि आवंटन में देरी और PESO अनुमोदन जैसी तकनीकी बाधाएं प्रगति में रुकावट बन रही हैं।
हर सोमवार रिपोर्ट और जिलों में ग्राउंड जांच का निर्देश
मुख्य सचिव ने नोडल विभाग को निर्देश दिया कि तेल कंपनियों की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाए और हर सोमवार विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही प्रमंडलीय आयुक्तों और प्रभारी सचिवों को जिलों का दौरा कर जमीनी हकीकत की जांच करने का आदेश दिया गया है।
LPG बैकलॉग पर सरकार सख्त, हजारों निरीक्षण
बैठक में एलपीजी (LPG) सिलेंडर बैकलॉग की स्थिति भी सामने आई। अरवल, गया, कैमूर, रोहतास, सारण और पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में समस्या अधिक पाई गई। सरकार की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 22,878 निरीक्षण किए जा चुके हैं, कई सिलेंडर जब्त हुए हैं और कई मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
OTP से ही होगी LPG डिलीवरी, फर्जीवाड़े पर रोक

तेल कंपनियों ने जानकारी दी कि अब लगभग 90 प्रतिशत LPG डिलीवरी केवल पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के माध्यम से की जा रही है। इस कदम से वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी।
श्रमिकों के लिए हेल्पलाइन और प्रशिक्षण कार्यक्रम
श्रम संसाधन विभाग ने मिडिल ईस्ट और अन्य राज्यों में फंसे बिहार के श्रमिकों के लिए कंट्रोल रूम नंबर और व्हाट्सएप हेल्पलाइन जारी की है। साथ ही, PNG कार्यों में तेजी लाने के लिए पटना, लखीसराय और मुंगेर में प्लंबरों और ITI छात्रों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उद्योग और होटलों को 70% आपूर्ति
बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में होटलों और उद्योगों की गैस आवश्यकता का लगभग 70 प्रतिशत ही पूरा हो पा रहा है, जिसे बढ़ाने की दिशा में काम जारी है।

