आज से बीजेपी करेगी राष्ट्रीय सदस्यता अभियान ,पीएम मोदी होंगे पार्टी के पहले सदस्य 

0
107

न्यूज़ डेस्क
बीजेपी आज शाम को पार्टी  सदस्यता अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह अभियान आज शाम से शुरू होगा। इस कार्यक्रम को ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024’ का नाम दिया गया है।

भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का पहला सदस्य बनाकर,अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी पार्टी के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल के जरिए फिर से भाजपा के सदस्य बनेंगे।

इसके बाद, पार्टी के अन्य कई नेता को भी फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई जाएगी। नई दिल्ली में इस कार्यक्रम के साथ भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे देश में शुरू हो जाएगा। मिस्ड कॉल अभियान के जरिए पार्टी का सदस्य बनाने के लिए भाजपा ने मिस्ड कॉल नंबर- 8800002024 भी जारी किया है। लोग नमो ऐप के माध्यम से भी भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं।

बता दें, इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने कुछ दिन पहले ही पार्टी मुख्यालय में मीडिया को इस अभियान की जानकारी दी थी कहा था भाजपा के संविधान के मुताबिक, हर 5-6 साल बाद नए सिरे से सबको फिर से पार्टी का सदस्य बनाया जाता है।

कोरोना संकट के समय यह सदस्यता अभियान सीमित रूप से नही चल पाया था, लेकिन अब 2 सितंबर से पार्टी फिर से पूरे देश में अपना सदस्यता अभियान  शुरू करने जा रही है। तावड़े ने यह भी बताया कि वर्ष 2014 तक चीन की कम्युनिस्ट पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी हुआ करती थी लेकिन 2014 में जब भाजपा के 11 करोड़ सदस्य बने, उसके बाद भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई।

उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को देश के सभी बूथों पर सदस्यता अभियान को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें 10 लाख से ज्यादा लोग जुड़ेंगे। 2 सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान का पहला चरण 25 सितंबर तक पूरा होगा। पहले चरण की सदस्यता का विश्लेषण करने के बाद 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक सदस्यता अभियान का दूसरा चरण चलेगा। इसके बाद 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

सदस्यता अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के जनप्रतिनिधियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। ज्ञात हो कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की अध्यक्षता व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नई दिल्ली में पिछले महीने 17 अगस्त को हुए पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में पार्टी की सदस्यता अभियान की रूपरेखा तय की गई थी।

पार्टी का लक्ष्य फिलहाल 10 करोड़ से अधिक लोगों को भाजपा का सदस्य बनाना है। जिन राज्यों को चुनाव की घोषणा हो गई है, उन राज्यों में यह सदस्यता अभियान बाद में चलाया जाएगा। जिससे पार्टी की कुल सदस्यता में बाद में और ज्यादा इज़ाफ़ा होगा। भाजपा के पदाधिकारियों के मुताबिक, पूर्व अध्यक्ष अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल में 2014-15 में 11 करोड़ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

वर्ष 2019 में चले सदस्यता अभियान में 7 करोड़ लोग शामिल हुए थे यानी 2019 तक लगभग 18 करोड़ लोग भाजपा के सदस्य बने थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here