अपने वेवाकी के लिए मशहूर सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि भारत को विकास को बढ़ावा देने के लिए लचीली आर्थिक नीतियों और एक सामाजिक आर्थिक मॉडल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक मॉडल ऐसा हो जो रोजगार सृजन को बढ़ावा दे सके और असमानता को कम कर सके। वरिष्ठ बीजेपी नेता नितिन गडकरी ने कहा कि चीन में स्थिति बहुत तेजी से बदल रही है ,और कई देश कोविद-19 महामारी के बाद चीन के साथ व्यापार करने के लिए बहुत उत्सुक नहीं है।उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश मंदी जैसी स्थिति से गुजर रहा है और वहां कई कंपनियां बंद हो रही हैं।
पुस्तक विमोचन के इस अवसर पर नितिन गडकरी ने कहा कि एक चीज जो हम चीन से सीख सकते हैं,वह यह है कि समाजवादी, साम्यवादी या पूंजीवादी बनने से पहले हम एक ऐसी अर्थव्यवस्था बनाएं जो रोजगार पैदा कर सके,गरीबी दूर कर सके और समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानता को कम कर सके।
भारत में रोजगार पैदा करने के साथ गरीबी को दूर करने और असमानता को कम कर सकने वाले सामाजिक आर्थिक मॉडल की जरूरत की चर्चा करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि हमें गरीबी दूर करने, पूंजी निवेश आकर्षित करने और उससे रोजगार पैदा करने, निर्यात बढ़ाने के लिए अपनी आर्थिक नीतियों में बड़े पैमाने पर लचीलापन लाने की जरूरत है।हमें कृषि, ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
बीजेपी अध्यक्ष रहते हुए चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हुए मुलाकात को याद करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति ने उनसे कहा था कि चीनी अपने देश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए वह विचारधारा से परे कुछ भी उपयोग करने के लिए तैयार है।
