कोलकाता (बीरेंद्र कुमार): पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिला के आसनसोल कुल्टी थाना के दमागोडिया स्थित बीसीसीएल के बंद पड़े खुले कोयला खदान में रविवार को अवैध कोयला खनन के दौरान अचानक हुए धसान में कई ग्रामीणों के धंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इस खबर के फैलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच में जुट गई है। घटना की सूचना के बाद बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ जवान भी मौके पर पहुंच गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने इस बात की आशंका व्यक्त की है कि इस भू-धसांव की वजह से कोयला खदान के अंदर दर्जनों लोग दब गए हैं। लोगों का कहना है कि कहना है कि दुर्घटना के समय जब दर्जनों लोग उस अवैध खदान में घुसकर उससे कोयला निकाल रहे थे,तभी अचानक हुई भू- धसान में वे लोग अंदर फंस गए।
बचाव कार्य शुरू
इस घटना की सूचना के बाद पुलिस और बी सी सी एल के द्वारा बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घटना के बाबत स्थानीय वार्ड पार्षद मदन मेहरा का कहना है कि आज जो घटना घटी है, उसके पीछे शासक दल, पुलिस और बीसीसीएल प्रबंधन की उदासीनता है। शासक दल के इशारे पर ही इस बंद कोयला खदान से अवैध कोयला खनन किया जा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना घटी है। हालांकि मामले को लेकर पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए हैं।
बीसीसीएल के बंद पड़े खान से लगातार हो रही है कोयले की चोरी
घटनास्थल पर बोरी में भरकर बाहर भेजने के लिए रखा गया कोयला इस बात की गवाही देता है कि यहां रोज सुबह अवैध कोयला का खनन किया जाता है। घटना को लेकर हालांकि बीसीसीएल के अधिकारी इस समय कोई भी टिप्पणी करने से बच रहे हैं ,लेकिन पुलिस का कहना है की वास्तविक रूप में इस अवैध कोयला उत्खनन के दौरान हुई भू धसान में सही में कोई लोग फंसे हुए हैं या नहीं बताया जा सकता है। यह तभी स्पष्ट हो पाएगा जब यहां पर डोजर लगाकर साफ-सफाई किया जाएगा।

