न्यूज़ डेस्क
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। सरकार के समर्थन में 47 वोट पड़े हैं। वहीं विपक्ष में 29 वोट गए। झारखंड के निवर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राज्य विधानसभा में राजभवन और केंद्र सरकार की एजेंसियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी की रात को मेरी गिरफ्तारी लोकतंत्र का एक काला अध्याय है। एक सुनियोजित साजिश के तहत इसे अंजाम दिया गया है और राजभवन भी इस साजिश में शामिल है।
मुख्यमंत्री चंपई सोरेन द्वारा सदन में पेश किए विश्वास मत प्रस्ताव पर बहस के दौरान हेमंत सोरेन ने कहा कि इन्होंने मुझे साढ़े आठ एकड़ जमीन के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया है, लेकिन मैं चुनौती देता हूं कि अगर ये इससे जुड़ा एक भी कागज ये पेश कर दें, तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा।
हेमंत ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि ये लोग आदिवासियों, दलितों, अल्पसंख्यकों पर वर्षों से अत्याचार करते आए हैं और 31 जनवरी को मेरी गिरफ्तारी भी इसी तरह के अत्याचार का हिस्सा है। ये लोग चाहते हैं 50-100 साल पहले की तरह आदिवासी जंगलों में जाकर रहे।
झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने आज अपनी सरकार के शक्ति परीक्षण से पहले राज्य विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हेमंत सोरेन का पार्ट-2 हूं…”
झारखंड विधानसभा में सोमवार को मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सरकार के फ्लोर टेस्ट के पहले राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस और जेएमएम के विधायकों ने हेमंत सोरेन के समर्थन में लगातार नारेबाजी की। सदस्यों ने हेमंत सोरेन की सरकार को अपदस्थ किए जाने पर विरोध जताते हुए हाय-हाय के नारे लगाए।
अभिभाषण शुरू होने के पहले कांग्रेस के विधायक प्रदीप यादव अपने आसान पर खड़े हो गए और आरोप लगाया कि झारखंड में जनता की चुनी हुई सरकार को केंद्र सरकार के इशारे पर अपदस्थ किया गया है।
नारेबाजी के बीच राज्यपाल लगभग 35 मिनट तक अभिभाषण पढ़ते रहे। इस दौरान जेएमएम-कांग्रेस के सदस्यों ने हेमंत सोरेन को वापस लाओ, ईडी केस वापस लो, जय झारखंड, शिबू सोरेन जिंदाबाद, हेमंत सोरेन जिंदाबाद, जेल का फाटक टूटेगा, हेमंत सोरेन छूटेगा के नारे गूंजते रहे।
राज्यपाल ने कहा कि हमारी सरकार झारखंड के लोगों को एक स्वच्छ और साफ सुथरी सरकार देने को वचनबद्ध है। पिछले चार सालों में विधि व्यवस्था और लॉ एंड ऑर्डर में सुधार हुआ है। हमारा राज्य क्षेत्र में विकास के नये आयाम तय कर रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं।इसके अलावा उन्होंने सरकार द्वारा शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख किया। अभिभाषण पर जेएमएम-कांग्रेस सदस्यों की नारेबाजी पर राज्यपाल मुस्कुराते रहे।

