न्यूज़ डेस्क
समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गठबंधन की घोषणा कर दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल साइट पर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ तस्वीर डाली और कहा कि राष्ट्रीय लोक दल और सपा के गठबंधन की सभी को बधाई! जीत के लिए सभी एकजुट हो जाएं, जुट जाएं!
इसके जवाब में जयंत ने भी एक्स पर कहा कि राष्ट्रीय, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर, हमारे गठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं से उम्मीद है कि अपने क्षेत्र के विकास और खुशहाली के लिए कदम मिलाकर आगे बढ़ें।
जानकारी के मुताबिक दोनों नेताओं ने शुक्रवार को मुलाकात की। बताया जा रहा है कि सपा ने रालोद के लिए सात लोकसभा सीटें छोड़ी हैं। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने समझौते की पुष्टि की है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ज्यादातर पश्चिमी यूपी की सीटों पर रालोद के साथ सहमति बन गई है। वहीं कांग्रेस के साथ सपा ने अभी तक सीटें फाइनल नहीं की है। सपा और कांग्रेस के बीच सीटों पर फाइनल बंटवारा अभी नहीं हुआ है। उम्मीद की जा रही है कि सपा और कांग्रेस के बीच भी कोई बड़ा पेंच नहीं फंसा है।
सपा 50 से 55 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। उधर कांग्रेस 20 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है लेकिन माना जा रहा है कि यूपी में कांग्रेस 15 से 16 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। सपा और कांग्रेस के बीच भी जल्द ही सीटों का ऐलान हो सकता है।

