क्या बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी फिर से पलटी मार सकते हैं ?

0
242

न्यूज़ डेस्क 
ठगिनी राजनीति क खेल बड़ा ही विचित्र होता है। कब कौन नेता किसके साथ चला जाए और कौन कहाँ से पलटी मार दे यह कोई नहीं जानता। महाराष्ट्र में राहुल को मिलिंद देवड़ा पर बड़ा गुमान था। भारत जोड़ो यात्रा करने मणिपुर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि मिलिंद देवड़ा उनका साथ छोड़कर शिंदे शिवसेना के साथ चले गए हैं। मिलिंद देवड़ा ने खुद ही अपने बयान में कहा है कि कांग्रेस के साथ उनके परिवार का 55 साल का रिश्ता आज टूट रहा है। जिस कांग्रेस में कोई परिवार 55 साल तक खाये ,पीये और अघाये वह झटके में पलटी मार दे ,कौन जानता था। लेकिन ऐसा हुआ। राजनीति का यही चरित्र सबको भरमाता भी है और लुभाता भी है। 

अब बिहार में भी कुछ इसी तरह की बात चल रही है। पहले नीतीश कुमार को लेकर कहा जाता था कि वे कभी भी पलटी मार सकते हैं। बीजेपी के साथ जा सकते हैं। लेकिन अब सब कुछ ब्नद हो गया। अब बारी जीतन राम मांझी की है। उनके बारे में कई तरह के बयान सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का दिल अभी भी महागठबंधन की तरफ है और चुनाव आते-आते हो सकता है कि मांझी जी महागठबंधन में आ जाएं। पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि राजग में होने के बावजूद जीतन राम मांझी का दिल अभी भी महागठबंधन की तरफ है। 

 चुनाव आते-आते हो सकता है कि मांझी जी महागठबंधन में आ जाएं, क्योंकि महागठबंधन में ही उन्हें सबसे ज्यादा सम्मान मिला है। नीतीश कुमार ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है। भले ही वे राजग में चले गए हो, लेकिन उनका दिल महागठबंधन की ही तरफ है। मृत्युंजय तिवारी ने अपने बयान में बताया कि जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष मांझी ने 10 सीट की मांग की है, यदि राजग उन्हें 10 सीट देती है, तो इससे अच्छी बात और क्या हो सकती है।

 तिवारी ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी अपने सहयोगी दलों को तोड़ने का काम करती है। जिसका उदाहरण चिराग पासवान है। चिराग पासवान की पार्टी को उन्होंने तोड़ दिया, अब देखना है कि चिराग पासवान को भी भाजपा कितनी सीट देती है। इससे और दलों को भी सीख लेनी चाहिए। महागठबंधन में सहयोगी दलों को सबसे ज्यादा मान सम्मान दिया जाता है।

 हम पार्टी के चीफ डॉ. संतोष मांझी ने राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के बयान को दिग्भ्रमित करने वाला बताया है। उन्होंने कहा, “हम एनडीए गठबंधन में पूरी मजबूती के साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकास कर रहा है। पार्टी विकास के साथ चलकर लोकसभा का चुनाव लड़ेगी। राजद के प्रदेश प्रवक्ता का मन महागठबंधन से भर गया है। वे स्वयं एनडीए में आने का रास्ता ढूंढ रहे हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here