Vishnu Dev Sai : आदिवासी नेता विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के अगले CM, जानें कैसा रहा है उनका राजनीतिक सफर

0
226

न्यूज डेस्क
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। रविवार को पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार को पूर्ण बहुमत मिला है। विधानसभा चुनाव के लिए तीन दिसंबर को रिजल्ट आया था। बीजेपी को 54 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, सत्ताधारी कांग्रेस को 35 सीटें मिली हैं।

प्रदेश के दूसरे आदिवासी सीएम होंगे विष्णु देव साय

प्रदेश के पहले सीएम रहे दिवंगत अजीत जोगी के बाद विष्णु देव प्रदेश के दूसरे आदिवासी मुख्यमंत्री होंगे। विष्णुदेव साय आदिवासी होने के साथ ही साय समुदाय से आते हैं। साय समुदाय छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा समुदाय भी है। साय पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह के करीबी नेताओं में से एक हैं।

कौन हैं विष्णु देव साय?

विष्णु देव साय वर्तमान में कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। वे सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। साय 1999 से 2019 तक रायगढ़ से सांसद रहे, जबकि राजग के पहले कार्यकाल में साय ने केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। उन्हें केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया था। वे 2014 से 2016 तक केंद्र में मंत्री रहे थे। विष्णु देव दो बार छत्तीसगढ़ के भाजपा अध्यक्ष भी रहे हैं।

किसान परिवार से रहा है संबंध

विष्णुदेव साय का संबंध किसान परिवार से रहा है। उनका जन्म 21 फरवरी 1964 में हुआ था। वे कांसाबेल के पास के बगिया गाँव के मूल निवासी है। 1989 में वह गाँव के पंच बने थे जबकि ठीक एक साल बाद उन्हें सरपंच बनने का मौका मिला। विष्णु देव तपकरा से विधायक चुनकर 1990 से 1998 तक वे मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। 1999 में वे रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए।

दिग्गजों को पछाड़ते हुए मुख्यमंत्री की कुर्सी पर किया कब्जा

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में रमन सिंह, रेणुका सिंह, अरुण साव, ओपी चौधरी समेत कई बड़े दावेदार थे। लेकिन सरगुजा संभाग से आने वाले विष्णुदेव साय ने सभी को पीछे छोड़ दिया। कहा जा रहा है कि 32 फीसदी आदिवासी आबादी को साधने के लिए बीजेपी ने आदिवासी सीएम बनाया है।

अमित शाह ने आदिवासी समुदाय से किया था वादा

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की कमान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने संभाल रखी थी। अमित शाह ने कुनकरी में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान अमित शाह ने कहा था कि विष्णुदेव साय को कुनकरी से विधायक बना दीजिए मैं इन्हें बड़ा आदमी बना दूंगा। विष्णु देव साय को अब राज्य का मुख्यमंत्री घोषित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here