गुजरात में रिकॉर्ड जीत के साथ BJP की वापसी, भूपेंद्र पटेल 12 को लेंगे सीएम पद की शपथ

0
155

अहमदाबाद: गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। गुजरात में 27 साल से सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर अपना वर्चस्व बनाए रखा। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस को गुजरात चुनाव के नतीजों में भारी नुकसान हुआ है। तो वहीं गुजरात में सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 52.5 प्रतिशत से अधिक मत मिले हैं। भाजपा ने 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस 16 सीटों पर और आम आदमी पार्टी 5 सीटें जीत चुकी है।

भाजपा ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

भाजपा ने 2002 में सर्वाधिक 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। उस समय नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। इसके बाद भाजपा कभी उस आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी थी, लेकिन इस बार भाजपा ने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पार कर लिया है। पार्टी ने 1985 में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस की ओर से जीती गई 149 सीटों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया सीट से चुनाव जीत चुके हैं। गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी भी सूरत के माजूरा सीट से 1.16 लाख मतों से चुनाव जीत चुके हैं।

12 दिसंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे भूपेंद्र पटेल

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भाजपा के इस प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया और कहा कि राज्य की जनता ने चुनाव में राष्ट्र-विरोधी तत्वों को नकार दिया। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सी.आर पाटिल ने कहा कि भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे और वह 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे।

रिवाबा जडेजा ने की शानदार शुरुआत

जामनगर उत्तर में, भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी और भाजपा उम्मीदवार रिवाबा जडेजा ने आप के करशनभाई करमूर को करीब 60,000 मतों से हराकर एक प्रभावशाली चुनावी शुरुआत की।

अल्पेश ठाकोर और हार्दिक पटेल भी जीते

भाजपा के अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में, ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर गांधीनगर से 43,322 मतों से जीते, हार्दिक पटेल वीरमगाम से 56,215 मतों के अंतर से जीते, जबकि वरिष्ठ नेता योगेश पटेल मांजलपुर से 1,00,754 मतों से जीते।

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी नहीं खोल पायी खाता

इस बीच, असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) द्वारा मैदान में उतारे गए उम्मीदवार इस बार बुरी तरह विफल रहे। वडगाम में, एआईएमआईएम के सुंधिया कल्पेशकुमार, कांग्रेस के जिग्नेश मेवाणी और भाजपा के मणिभाई वाघेला (75,005) से पिछड़ते हुए, इस रिपोर्ट को दाखिल करने तक केवल 1,832 वोट प्राप्त कर सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here