न्यूज डेस्क
क्रिकेट विश्वकप 2023 के 25वें मुकाबले में वर्तमान चैंपियन इंग्लैंड को गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ खेले गये मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा। इस विश्व कप के पांच मैचों में यह इंग्लैंड की चौथी हार है। इस हार से इंग्लैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा है। बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 33.2 ओवर में 156 रन बनाए, उसकी टीम 50 ओवर भी पूरे नहीं खेल पायी।

श्रीलंकाई गेंदबाजों ने बेंगलुरु में किफायती गेंदबाजी की। श्रीलंका के लिए लाहिरू कुमार ने 3 विकेट झटके। श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड को विश्व कप में लगातार पांचवें मैच में हार मिली है। लंकाई टीम के खिलाफ 1999 में उसे पिछली जीत मिली थी। उसके बाद 2007, 2011, 2015, 2019 और 2023 में हार का सामना करना पड़ा।

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत की। जॉनी बेयरस्टो और डेविड मलान की जोड़ी ने तेज शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। मलान 28 रन बनाकर एंजेलो मैथ्यूज का शिकार बने। हालांकि, इसके बाद विकेटों का पतन शुरू हो गया। जो रूट तीन रन बनाकर रन आउट हुए। बेयरस्टो को 30 रन के स्कोर पर कसून रजिता ने आउट किया। कप्तान बटलर आठ और लिविंगस्टोन एक रन बनाकर आउट हुए।

लक्ष्य को हासिल करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। श्रीलंका के 23 रन पर ही तेज गेंदबाज विली ने कुसल परेरा (04) और कप्तान कुसल मेंडिस (11) को जल्दी पवेलियन भेज दिया। 23 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका मुश्किल में फंस सकती थी, लेकिन पथुम निसांका और सदीर समरविक्रमा ने शतकीय साझेदारी कर अपनी टीम को जीत दिलाई।

निसांका 77 रन और सदीरा 65 रन बनाकर नाबाद रहे। निसांका ने 83 गेंदों में 7 चौके और दो छक्के जड़े। वहीं, समरविक्रमा ने 54 गेंदों की पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। निसांका ने छक्के के साथ टीम को जीत दिलाई। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 122 गेंदों में 137 रन की नाबाद साझदेारी की। इंग्लैंड के लिए दोनों विकेट डेविड विली ने लिए।

