नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम, हजारों गाड़ियां ट्रैफिक में फंसी

0
130

नोएडा: ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे में सड़क निर्माण के चलते भीषण जाम लग गया। मंगलवार शाम से लगे कई किलोमीटर लंबे भीषण जाम में हजारों की तादाद में गाड़ियां फंस गयीं। एक्सप्रेसवे पर नोएडा विकास प्राधिकरण की तरफ से रोड मेंटेनेंस का काम कराया जा रहा है।

पांच किमी से भी ज्यादा लंबे इस जाम में लाखों जिंदगियां कई घंटों से सड़क पर ही अटकी हुई हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों का बुरा हाल है। शाम के समय ऑफिस से घर लौट रहे लोग भी जाम की चपेट में आ गए। भीषण ट्रैफिक में कुछ एम्बुलेंस भी फंसी बताई जा रही हैं।

रोड मेंटेनेंस का काम पीक आवर्स के समय कराए जाने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। लोग जाम की तस्वीरें सोशल मीडिया में डालकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या प्राधिकरण इसी तरह इन्वेस्टमेंट को बढ़ावा देगा, घंटों जाम में उलझाकर? बहरहाल, दिल्ली को नोएडा और फिर ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे में घंटों से लोग फंसे हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, कई किमी लंबा जाम लगने के बाद नोएडा ट्रैफिक पुलिस कुछ हद तक एक्टिव हुई और सड़क निर्माण में लगी भारी भरकम कंस्ट्रक्शन मशीनों को रास्ते से हटवाया। हालांकि, उसके बाद भी जाम की स्थिति जस की तस बनी हुई है और एक्सप्रेसवे के अलावा उससे जुड़ने वाले सभी कनेक्टिंग रास्ते और सर्विस लेन भी जाम की जद में आ गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here