बीरेंद्र कुमार झा
त्रिपुरा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है,जहां एक यात्री बीच हवा में फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है। त्रिपुरा पुलिस ने गुरुवार को गुवाहाटी से आ रही इंडिगो फ्लाइट का हवा में अगला दरवाजा खोलने का प्रयास करने का आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।आरोपी की पहचान पूर्वी अगरतला के जिरानिया निवासी विश्वजीत देवनाथ के रूप में हुई है।
लैंडिंग के दौरान की दरवाजा खोलने का प्रयास
प्राप्त जानकारी के अनुसार विश्वजीत देवनाथ इंडिगो 6ई 457 की सीट नंबर 1डी पर हैदराबाद से गुवाहाटी होते हुए अगरतला की यात्रा कर रहा था। जब फ्लाइट लैंडिंग की तैयारी कर रही थी तो वह अचानक दरवाजे की ओर भागा और उसे खोलने की कोशिश करने लगा, लेकिन चालक दल के सदस्यों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। इससे कुछ देर के लिए हाथापाई की स्थिति पैदा हो गई।
एयर होस्टेस की चौकसी से बची लोगों की जान
विश्वजीत देवनाथ को फ्लाइट का दरवाजा खोलने देख फ्लाइट में मौजूद एक एयर होस्टेस उसपर कूद पड़ी और अन्य यात्रियों की मदद से उसे वापस खींच लिया। आरोपी ने क्रू मेंबर्स के साथ दुर्व्यवहार किया और बार-बार हैंडल को खींचने के लिए आगे बढ़ने की कोशिश की।इससे गुस्साए यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर ही आरोपी की पिटाई कर दी जिससे वह घायल हो गया।अगरतला में इंडिगो स्टाफ के साथ सीआईएसएफ जवानों ने विश्वजीत को एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया ।
एयर होस्टेस और क्रू मेंबर को भी आई चोट
पुलिस ने बताया कि आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया। डॉक्टर ने संदेह व्यक्त किया कि वह नशे का आदी है। उन्होंने बताया कि विमान के अंदर हाथापाई के दौरान क्रू टीम लीडर चंद्रमा चक्रवर्ती और उनके साथी मनीष जिंदल भी घायल हो गए थे।

