न्यूज डेस्क
एशिया कप 2023 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ रविवार को 10 विकेट से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इसके साथ ही टीम इंडिया ने एशिया कप पांच साल बाद फिर से कब्जा किया है। एशिया कप जीतने के साथ ही टीम इंडिया को प्राइज मनी के तौर पर भारी भरकम रकम मिली है। टीम इंडिया को विजेता के तौर पर प्राइज मनी के रूप में 150,000 यूएस डॉलर, करीब 1.24 करोड़ रुपये मिले। वहीं फाइनल में हारने वाली श्रीलंका पर भी पैसों की बारिश हुई। श्रीलंका को करीब 62 लाख 31 हजार रुपये मिले।
फाइनल में भारत को एकतरफा जीत दिलाने वाले मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें 5,000 (4.15 लाख रुपये) डालर की इनामी राशि मिली। बता दें कि सिराज ने इस मैच में अपने करियर की बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 21 रन देकर 6 विकेट लिए। वनडे में उन्होंने पहली बार 5 या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है। अवॉर्ड मिलने के बाद सिराज ने अपने पैसे श्रीलंका के ग्राडंसमैन को डोनेट कर दिए।
एशिया कप 2023 में भारतीय टीम के गेंदबाजों का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इसमें कुलदीप यादव का नाम सबसे आगे रहा जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 5 और फिर श्रीलंका के खिलाफ 4 विकेट अहम समय पर हासिल किए थे। कुलदीप को इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब दिया गया जिसमें उन्हें 15,000 यूएस डॉलर (12.46 लाख रुपये) की प्राइस मनी भी दी गई।

