कोलकाता (बीरेंद्र कुमार): पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में यह पहली बार नहीं है, जब किसी कारखाने से जहरीली गैस का रिसाव हुआ हो। इससे 4 दिन पहले भी नरेंद्रपुर स्थित कमलगाछी में एक फैक्ट्री से अमोनिया गैस के रिसाव से काफी अफरातफरी मची थी। लेकिन उस घटना से किसी ने कोई सबक नहीं लिया,जिस कारण इस इलाके में दूसरी बार किसी फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है। इस बार अमोनिया गैस का रिसाव काकद्वीप अंतर्गत हरिपुर के दासपारा स्थित आइस फैक्ट्री में हुई। राइस मिल से अचानक जहरीले अमोनिया गैस के निकलने लगने से लोगों को काफी समस्या होने लगी। 2 लोगों की हालत बिगड़ने के बाद कारखाने में अफरा-तफरी मचने से इलाके के लोगों के बीच भी दहशत का माहौल पैदा हो गया।
दमकल की मदद से गैस के रिसाव पर किया गया नियंत्रण
आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस के रिसाव होने पर लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड वालों को दी। इसके बाद वहां पहुंचे दमकल कर्मियों की तीन घंटे से भी ज्यादा समय तक कड़ी मशक्कत करने के बाद इस जहरीले गैस के रिसाव पर नियंत्रण पाया जा सका। स्थिति पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मियों ने उस जगह की जांच की, जहां से गैस लीक हो रही थी। इस दौरान पुलिस भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आइस फैक्ट्री काफी पुरानी है और गैस रिसाव वाला यह हादसा फैक्ट्री में रखरखाव के अभाव के कारण हुआ है। बीमार लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
फिलहाल फैक्ट्री को बंद रखने का दिया गया है निर्देश
स्थानीय नगरपालिका ने इस मामले में फायर ब्रिगेड की मंजूरी मिलने तक इस आइस फैक्ट्री को बंद रखने का आदेश दिया है। फायर ब्रिगेड के अनुसार वहां स्थिति काफी भयावह हो गई थी, चारों तरफ जहरीला धुआं भर गया था, जिससे लोग बीमार हो रहे थे। बाद में बरूईपुर पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक प्लांट को बंद करने का आदेश दे दिया है। पुलिस का कहना है कि पहले संयुक्त रूप से इसकी जांच की जाएगी ,उसके बाद ही प्लांट खोलने के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।

