न्यूज़ डेस्क
आज इंडिया गठबंधन की बैठक का अंतिम दिन है। शाम तक यह बैठक चलेगी और फिर एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस होने की सम्भावना है। इस बैठक में आज बहुत कुछ होना है। कई बातों पर निर्णय होना है और कई मसलों को भी साफ़ कर देना है। लेकिन सबकी निगाहें सीट बंटवारे, संयुक्त समन्वय समिति और संसद के 5 दिवसीय विशेष सत्र की रणनीति पर टिकी हुई है। मुंबई में मीडिया का बड़ा जमाववाडा है और देश भर के नेता वहाँ पहुंचे हुए हैं। कहा जा रहा है कि इंडिया की आज की बैठक में बहुत कुछ साफ़ जायेगा। बता दें कि आज की बैठक में 28 पार्टी के करीब 70 नेता बातचीत कर रहे हैं।
सूत्र ने कहा, “आज की बैठक के दौरान, समन्वय पैनल के गठन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।” सूत्र का यह भी दावा है कि समन्वय पैनल के अलावा, नेता संसद के आगामी विशेष सत्र की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे कि कैसे इंडिया गुट एक बार फिर एकजुट चेहरा पेश करेगा।यह पूछे जाने पर कि क्या सीट बंटवारे के मुद्दे पर कोई चर्चा होगी, सूत्र ने कहा, ‘हां, सीट बंटवारे के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी कि इसका प्रारूप क्या होगा और इसे कैसे तय किया जाएगा।
सूत्र ने बताया कि सीटें तय नहीं होंगी, लेकिन सभी नेताओं के मन में यह समझ लानी होगी कि वोटों का बिखराव रोकना जरूरी है।सूत्र ने इस बात से भी इनकार किया कि इंडिया ब्लॉक के नेता 30 सितंबर तक सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय कर लेंगे और कहा कि पहले हमें यह समझने की जरूरत है कि इसका प्रारूप क्या होगा और इसे एक ढांचे के भीतर कैसे आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
सूत्र के मुताबिक इंडिया ब्लॉक के नेताओं को पहले सीट बंटवारे की रूपरेखा को समझना होगा और फिर इस बात पर विस्तृत चर्चा की जाएगी कि पिछले चुनाव में किन सीटों पर कौन सी पार्टियां पहले, दूसरे या तीसरे स्थान पर थीं।गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 421 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 373 सीटों पर बीजेपी से उसकी सीधी टक्कर थी। बीजेपी ने 2019 का चुनाव 435 सीटों पर लड़ा था जबकि बाकी सीटों पर उसके गठबंधन सहयोगियों ने चुनाव लड़ा था। पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी द्वारा प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आक्रामक अभियान चलाने के बावजूद, कांग्रेस पार्टी 2019 के लोकसभा चुनावों में केवल 52 सीटें जीतने में सफल रही।
सूत्र ने आगे कहा कि ओडिशा की बीजेडी, तेलंगाना की बीआरएस और आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और टीडीपी के इंडिया ब्लॉक से दूर रहने के कारण, पार्टी नेता कांग्रेस पर निर्णय छोड़ देंगे। बैठक के दौरान संयोजक पद पर भी चर्चा होगी।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू नेता नीतीश कुमार इस पद की दौड़ में सबसे आगे हैं।

