बीरेंद्र कुमार झा
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव में आम आदमी पार्टी भी अपने उम्मीदवार उतार रही है। रविवार को पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल सतना में थे। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मंच साझा करते दिखे।सतना में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हम केजरीवाल की गारंटी जारी कर रहे हैं।हम राज्य में 24 घंटे बिजली की गारंटी देते हैं।अपने बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टी देख ली।लेकिन इन दोनों पार्टी में से कोई भी पिछले 75 साल में 24 घंटे बिजली नहीं दे पाई। अगर आपको बिजली चाहिए तो आम आदमी पार्टी को वोट दें।
केजरीवाल की गारंटी
केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा की गारंटी है। शानदार सरकारी स्कूल बनाएंगे और सभी बच्चे को अच्छी शिक्षा देंगे। प्राइवेट स्कूलों की लूट बंद करेंगे।कच्चे टीचर्स को पक्का करेंगे।टीचर से केवल शिक्षण का कार्य करवाया जाएगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा यदि हम सत्ता में आते हैं तो 24 घंटे बिजली और मुफ्त बिजली की गारंटी है। नवंबर तक सभी बिजली के बिल माफ किए जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केजरीवाल की गारंटी का मतलब होता है ‘ केजरीवाल सिर कटा देगा लेकिन एक – एक गारंटी पूरा करेगा।’
मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर तंज
सतना में केजरीवाल ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में एक मामा हैं ,जिसने भांजे – भांजियों को बहुत धोखा दिया है। इस मामा पर विश्वास मत करना। अब आपका भाई,बेटा, चाचा आ गया है।आपका चाचा आपके लिए अच्छे स्कूल और रोजगार का इंतजाम करेगा।
नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सतना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष हुए कहा कि ठंडा मतलब – – कोका-कोला और अनपढ़ मतलब ,- – – उनका इशारा नरेंद्र मोदी की तरफ था। उन्होंने कहा कि मोदी जी अक्सर बोलते हैं डबल इंजन की सरकार। लेकिन अगर इंजन में दम हो तो एक ही काफी है। अब देश को डबल इंजन की नहीं, नए इंजन ‘ केजरीवाल मॉडल ‘ की जरूरत है।
पूरे देश में है एक ही पार्टी
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में एक ही पार्टी है और वह आम आदमी पार्टी ।आम आदमी पार्टी आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा और रोजगार दे सकती हैं,आपके परिवार का भविष्य बना सकती है। ऐसा कोई भी एक पार्टी इस समय देश में नहीं है जो आपके पास चुनाव से पहले आकर कह दे कि हमें वोट देना, हम आपके बच्चों के स्कूल बनाएंगे उन्हें अच्छा भविष्य देंगे।

