न्यूज डेस्क
देश के कई राज्यों में मानसून की बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कई जगहों पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर के लिए अर्लट जारी किया है।
इधर दिल्ली और एनसीआर में शनिवार की सुबह की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई है लेकिन हवा में ठंडक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बारिश और बादलों की लुका-छुपी होती रहेगी। एनसीआर के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है। शनिवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे और लोगों को तेज धूप से राहत मिलेगी।
आईएमडी ने 12 अगस्त यानी आज उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए आज उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और अरुणाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा आज दक्षिण भारत के तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी अलग-अलग स्थानों पर बिजली और आंधी के साथ बारिश होने की उम्मीद है।

