Weather Forecast Today: दिल्‍ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, उमस भरी गर्मी से लोगों को मिलेगी राहत, जाने यूपी -बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

0
556

न्यूज डेस्क
देश के अधिकांश राज्यों में मॉनसून की झमाझम बारिश हो रही है। दिल्‍ली-एनसीआर में इस सप्ताह के अंत तक तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्‍ली में अगले 5-6 दिन रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। दिल्‍ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में बारिश की संभावना जताई है। अनुमान है कि सप्ताह के अंत में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ के अलावा प्रदेश की तराई बेल्ट में भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर, बांदा और आसपास के जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

इधर उत्तराखंड में जून महीने से मानसून की शुरुआत होने के बाद से ही बारिश का क्रम बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन यह क्रम और तेज हो सकता है। मौसम की स्थिति व पुर्वानुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के पांच जिलों में भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारों का दौर जारी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 3 अगस्त से 7 अगस्त तक प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर और ऊना जिला के लिए जारी की गई है। किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा से बचने के लिए लोगों को नदी नालों और भू-स्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

बिहार में भी मानूसन की सक्रियता पहले से काफी बेहतर हो चुकी है । जिसके चलते बिहार के कई जिलों में बारिश देखने को मिल रही है। वहीं, पटना मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक कई जिलों में भारी या अधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं, आज 3 अगस्त (गुरुवार) को भी पूरे बिहार में मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने की संभावना है। आज बिहार के किसी भी जिले में भारी वर्षा होने की संभावना नहीं है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण पूर्व भाग के 16 जिलों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है।

उधर ओडिशा में भारी बारिश से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है । 12 से ज्यादा जिलों में शिक्षण संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग ने सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बारगढ़, बोलनगीर, सोनपुर, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, क्योंझर और बौध में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here