न्यूज डेस्क
राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर से करवट लेता नजर आ रहा है। दिल्ली-NCR में आज आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है मौसम विभाग के मुताबिक 28 जुलाई को दिल्ली में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) के लिए मध्यम स्तर की बारिश की भविष्यवाणी की है।
उधर मुंबई में गुरुवार को भारी बारिश हुई। इस कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया, जिसकी वजह ज्यादातर मुख्य सड़कों पर भीषण जाम लग गया। बता दें कि आईएमडी ने मुंबई और रायगढ़ में गुरुवार को बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया था। वहीं आज मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
तेलंगाना में लगातार भारी बारिश के कारण प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस कारण निचले इलाके जलमग्न हो गये हैं, जबकि कई जगह सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं भारी बारिश को देखते हुए सीएम केसीआर ने शिक्षा मंत्री पी सबिता इंद्रा रेड्डी को सभी शैक्षिक संस्थाओं में आज छुट्टी घोषित करने का निर्देश दे दिया है।
मौसम विभाग ने 28 जुलाई को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में आज बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है। आईएमडी ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने और तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।

