क्या कर्नाटक सरकार के खिलाफ लोटस ऑपरेशन सिंगापुर में चल रहा है ?

0
100



न्यूज़ डेस्क

कर्नाटक की राजनीति एक बार फिर से उफान पर है। जब से जेडीएस और बीजेपी के बीच आपसी गठबंधन की बात सामने आयी है तभी से इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार को गिराने की तैयारी बीजेपी कर रही है। आज कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बीजेपी और जेडीएस पर सरकार गिराने की प्लानिंग करने का आरोप लगाया है।
               शिवकुमार ने कहा कि बीजेपी और जेडीएस नेता समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी बेंगलुरु या नई दिल्ली में बैठक नहीं हो सकी, अब उन्होंने सिंगापुर के लिए टिकट बुक कर लिया है।
उन्होंने कहा कि हमारे दुश्मन दोस्त बन गये हैं। मेरे पास ऐसे लोगों के बारे में जानकारी है जो कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की योजना बनाने के लिए सिंगापुर चले गए हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के खिलाफ सिंगापुर में एक ‘मास्टर रणनीति’ चल रही है। लेकिन वह सफल नहीं होगा।
             डीके शिवकुमार ने ये टिप्पणी तब की जब उनसे पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी की हालिया सिंगापुर यात्रा के बारे में पूछा गया। डीके शिवकुमार ने कहा कि मुझे उनकी सिंगापुर यात्रा के बारे में जानकारी है। यहां बेंगलुरु में एक गेम प्लान पूरा करने के बजाय, वे एक रणनीति पर काम करने के लिए सिंगापुर गए। हम सब कुछ जानते हैं।
बता दें कि पिछले शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और एचडी कुमारस्वामी ने बेंगलुरु में एक संयुक्त पीसी में घोषणा की थी कि वे विभिन्न मुद्दों पर राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ मिलकर काम करेंगे। इसके बाद रविवार को एचडी कुमारस्वामी सिंगापुर चले गए।
                हालांकि इस मामले पर जेडीएस सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने स्पष्ट किया कि उनकी बीजेपी के साथ गठबंधन बनाने या एनडीए में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी और एनडीए या विपक्षी दलों के महागठबंधन इंडिया में शामिल होने का कोई सवाल ही नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here