न्यूज डेस्क
उत्तराखंड, महाराष्ट्र से लेकर गुजरात तक भारी बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड के पौड़ी और उत्तरकाशी के पुरोला में बादल फटने से भारी तबाही हुई है. वहीं, राज्य के कई इलाकों में भूस्खलन के बाद मार्ग बंद रास्ते भी बाधित हुए हैं।
उत्तराखंड में अभी बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने आज (रविवार) भी सभी जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। कहीं रेड तो कहीं ऑरेंज अर्लट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के लिए भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इनके अलावा, देहरादून हरिद्वार, टिहरी और पौड़ी गढ़वाल के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश के बाद पूरा गांव भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। मुंबई तक भारी बारिश के बाद अलग-अलग जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आज भी मौसम विभाग ने कई राज्यों में प्रचंड और भारी बारिश होने अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और मैदानी राज्यों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।
गुजरात के जूनागढ़ में बादल फटने के बाद भारी तबाही मची है। बादल फटने से कार तो कहीं मवेशी पानी में बहते हुए दिखे। साथ ही एक बुजुर्ग भी पानी में बह गया, बहने के बाद गुजरात के जवानों ने रेस्क्यू किया। आज भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ है। शहर के निचले इलाकों में जल जमाव की समस्या बनी हुई है। राज्य सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से एक बार फिर एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए दोनों ही राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। 23 से 25 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान कर्नाटक के कोस्टल एरिया में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

