बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने तेजस्वी से की मुलाकात, बंद कमरे में हुई बातचीत

0
213

बीरेंद्र कुमार झा

बिहार में अगले 2 से 4 दिनों में नीतीश सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। इसमें आरजेडी और कांग्रेस कोटे से 2- 2 मंत्रियों को जगह मिलने की संभावना है। इसके साथ ही आरजेडी कोटे से कुछ मंत्रियों के विभाग में भी फेरबदल किए जाने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस नेताओं में सक्रियता दिख रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता डॉक्टर शकील अहमद खान ने शनिवार को इसे लेकर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। दोनों दलों के नेताओं के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत हुई।माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में कांग्रेस की भागीदारी को लेकर कांग्रेसी नेताओं ने तेजस्वी यादव के सामने अपनी बात रख दी है।

कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म

कैबिनेट विस्तार को लेकर यहां पहले से ही चर्चाओं का बाजार गर्म था। चर्चा यह थी कि प्रदेश प्रभारी भक्त चरण दास और प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह पटना इसी मुद्दे को लेकर आ रहे हैं। दोनों नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करेंगे। हालांकि प्रदेश प्रभारी सदाकत आश्रम में पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ही दिल्ली वापस लौट गए।

उप मुख्यमंत्री तेजस्वी से मिले कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक दल के नेता

प्रदेश प्रभारी की अनुपस्थिति में शनिवार को देर शाम कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर अखिलेश प्रसाद सिंह और विधायक दल के नेता डॉक्टर शकील अहमद खान ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से उनके आवास पर मुलाकात की।कैबिनेट विस्तार में आरजेडी और कांग्रेस कोटे से 2- 2 मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल करने की बात चल रही है।

दिल्ली में कैंप कर रहे कांग्रेस विधायक

राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर कांग्रेस के विधायकों में हलचल मची हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में शामिल होने के लिए करीब 5 दर्जन कांग्रेस के विधायक और पदाधिकारी दिल्ली में कैंप कर रहे हैं ।मंत्री परिषद के विस्तार को लेकर कांग्रेस के विधायक दूसरी बार दिल्ली में कैंप करने पहुंचे हैं।दिल्ली के पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि मानसून सत्र के पहले और उसके बाद कांग्रेस के विधायक सरकार में मंत्री बनने को लेकर एआईसीसी में गोलबंदी कर रहे हैं। इसमें न सिर्फ विधायक हैं, बल्कि विधान परिषद के सदस्य भी शामिल हैं। हालांकि नाम को लेकर कांग्रेस नेताओं में पूरी तरह से संशय की स्थिति बनी हुई है।यह माना जा रहा है कि अंतिम समय में आलाकमान प्रदेश अध्यक्ष को नाम की सूची सौंपने का निर्देश दे सकते हैं।

नीतीश कैबिनेट में फिलहाल कांग्रेस के दो मंत्री

वर्तमान में नीतीश कुमार की कैबिनेट में कांग्रेस के दो मंत्री शामिल हैं। इनमें एक मंत्री अल्पसंख्यक कोटे से जबकि दूसरे मंत्री अनुसूचित जाति कोटे से हैं ।पार्टी सामाजिक समीकरण के अनुसार ही किसी विधायक को मंत्रिपरिषद में शामिल करने पर विचार कर रही है। सरकार में अभी स्वर्ण कोटे से मंत्री बनाए जाने की चर्चा है ।हालांकि इस रोड में अल्पसंख्यक और अनुसूचित जाति के साथ अति पिछड़ा वर्ग के विधायक भी शामिल हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here