गहलोत और पायलट के बीच के तनाव खत्म करने के लिए राहुल गांधी और खड़गे करेंगे बड़ी बैठक, सीएम चेहरा की मांग कर सकता है पायलट खेमा

0
727

बीरेंद्र कुमार झा

राजस्थान कांग्रेस की आज दिल्ली में एक बड़ी बैठक होने जा रही है। बैठक में सचिन पायलट पर फैसला हो सकता है। मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कांग्रेस के 30 बड़े नेता शामिल होंगे ।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शामिल होने पर फिलहाल संशय है क्योंकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अंगूठे में चोट लगी हुई है।वे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए इस बैठक से जुड़ेंगे।इस बीच पायलट खेमे से खबर आ रही है कि बैठक में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की मांग उठाई जाएगी।। कांग्रेस की इस बैठक में बैठक पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्वअध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस की यह बड़ी बैठक राजस्थान में चुनाव की तैयारियों को लेकर बुलाई गई है। इस दौरान राजस्थान में चुनाव कैसे लड़ा जाए इस पर विचार मंथन होगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक रूप से भी चर्चा की जाएगी।

चुनाव से पहले सचिन पायलट की भूमिका होगी तय

इस बैठक में राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे के अलावा राजस्थान कांग्रेस के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे। सबसे अहम चर्चा जो इस बैठक में होनी है वह यह कि आखिर पूर्व उप मुख्यमंत्री और पूर्व राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट कि विधानसभा चुनाव में भूमिका क्या होगी? पिछले दिनों हुई मुलाकात में सचिन पायलट ने सबकुछ राहुल गांधी पर छोड़ दिया था, जिसके बाद राहुल गांधी की ओर से भी उन्हें पूरा सम्मान दिए जाने का आश्वासन दिया गया था। ऐसे में सचिन पायलट को क्या कुछ जिम्मेदारी मिलती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा ।कहा जा रहा है कि राजस्थान में भी छत्तीसगढ़ जैसा फार्मूला अपनाया जा सकता है।

राजस्थान कांग्रेस नेताओं के संग विचार मंथन

गौरतलब है कि राजस्थान में 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।चुनाव से पहले कांग्रेस आलाकमान राजस्थान के कांग्रेस के नेताओं के साथ मीटिंग कर रणनीति बनाना चाहते हैं। दूसरी तरफ सचिन पायलट कैंप लगातार आलाकमान पर दबाव बना रहा है कि चुनाव पूर्व उसकी भूमिका तय हो जाए। माना जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट कैंप को संगठन और टिकट बंटवारे में प्राथमिकता दे सकता है। यानि पायलट समर्थकों को संगठन में ज्यादा जगह मिल सकती है,लेकिन सचिन पायलट के मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर फिलहाल संशय बना हुआ है, क्योंकि कांग्रेस आलाकमान ने पहले ही अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान में चुनाव लड़ने के संकेत दे दिया है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़ेंगे गहलोत

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे। गहलोत दिल्ली नहीं जाएंगे।माना जा रहा है कि उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है जिसकी वजह से वे दिल्ली जाने में असमर्थ हैं। बैठक में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा,पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और तीनों सह प्रभारी काजी निजामुद्दीन,अमृता धवन और वीरेंद्र सिंह राठौड़ शामिल होंगे।बैठक में गहलोत सरकार के मंत्री लालचंद कटारिया, उदयलाल आंजना, परसादी लाल मीणा और शकुंतला रावत जैसे नेताओं के भी शामिल होने की चर्चा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here