बीरेंद्र कुमार झा
जमीन के बदले नौकरी (Land for job) मामले में सोमवार को सीबीआई ने दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी है। चार्जसीट में बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी और कई अन्य के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है। गौरतलब है कि पटना में विपक्षी एकता की बैठक होने से पहले ही तेजस्वी यादव ने आशंका जताई थी कि दिल्ली में मेरे खिलाफ चार्जशीट दायर हो सकती हैं।
क्या है पूरा मामला
लैंड फॉर जॉब मामले में यह आरोप है कि 2004 से 2009 ईस्वी के अपने कार्यकाल के दौरान लालू प्रसाद यादव ने रेल मंत्री रहते हुए उम्मीदवारों से रेलवे के अलग-अलग जोन में ग्रुप डी की नौकरी के बदले अपने परिवार के लोगों के नाम पर जमीन ली थी और उसका फायदा उठाया था। इसमें पटना के रहने वाले कई लोगों ने खुद ही अपने परिवार के सदस्यों के जरिए लालू यादव के परिवारों के सदस्यों और उनके परिवार के नियंत्रित एक निजी कंपनी के पक्ष में पटना में मौजूद अपनी जमीन बेची थी।वे ऐसी ही दूसरी अचल संपत्तियों के ट्रांसफर में भी शामिल थे। रेलवे में भर्ती के लिए ना तो कोई विज्ञापन जारी किया गया था और ना ही कोई सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया था,फिर भी जो पटना के निवासी थे उन्हें मुंबई, जबलपुर ,कोलकाता ,जयपुर और हाजीपुर में स्थित अलग-अलग जोनल रेलवे में सब्सीट्यूट के तौर पर नियुक्त किया गया था। सीबीआई के मुताबिक इस मामले में पटना में 1,05,292 फीट जमीन लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों ने विक्रेताओं को नगद भुगतान कर हासिल की थी।

