न्यूज डेस्क
मौसम विभाग ने दिल्ली, मुंबई के लिए बारिश का ऑरेज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कई राज्यों में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और मुंबई में मानसून की दस्तक हो चुकी है। वहीं कल तक मानसून के राजस्थान, पंजाब, हरियाणा सहित देश के कई हिस्सों को कवर करने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए जारी अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दिल्ली में अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे। इससे यहां हल्की से लेकर मध्यम बारिश हो सकती है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश का अनुमान है। आज का तापमान न्यूनतम 27 और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मुम्बई में बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश का अनुमान है। आज का तापमान न्यूनतम 26 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कोलकाता में बादल छाए रहने और बारिश का अनुमान है। आज का तापमान न्यूनतम 29 और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। चेन्नई में बादल छाए रहने का अनुमान है। आज का तापमान न्यूनतम 28 और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
जून में जहां मानसूनी बारिश सामान्य से 10 फीसदी कम हुई है, वहीं मौसम विभाग ने जुलाई में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने शुक्रवार को कहा कि जुलाई में सामान्य के 94 से 106 फीसदी तक बारिश हो सकती है। जुलाई में समान्य बारिश का मानक 280.4 मिमी का है। जुलाई में मध्य भारत, पूर्वोत्तर, दक्षिणी हिस्से तथा उत्तर-पश्चिमी इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। हालांकि कुछ हिस्सों में बारिश सामान्य से कम भी रह सकती है। जुलाई के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है। जून के महीने में हालांकि देश में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। लेकिन उत्तर-पश्चिमी राज्यों में यह सामान्य से 42 फीसदी ज्यादा हुई है। इसी प्रकार मानसून दक्षिणी राज्यों में 7-12 दिनों, पूर्वोत्तर में 5 दिनों की देरी से पहुंचा है लेकिन उत्तर-पश्चिमी राज्यों में यह 4-5 दिन पहले पहुंचा।

