न्यूज डेस्क
कर्नाटक हाईकोर्ट ने कथित फर्जी अकाउंट पर टिप्पणी की वजह से एक भारतीय नागरिक को सजा होने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक को मौखिक चेतावनी दी है। कोर्ट ने कहा कि फेसबुक ने अगर जांच में सहयोग नहीं किया तो उसे भारत में बंद करने का आदेश जारी कर सकते हैं। कोर्ट में अगली सुनवाई अब 22 जून को होगी।
कोर्ट ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार को यह बताना चाहिए कि सऊदी अरब में एक भारतीय नागरिक की फर्जी गिरफ्तारी के मुद्दे पर अब तक हमारी तरफ से क्या कदम उठाए गए हैं। इसी के साथ मंगलुरु पुलिस को जांच जारी रखने और रिपोर्ट फाइल करने के आदेश दिए गए हैं।
जस्टिस कृष्णा एस दीक्षित की एक सदस्यीय पीठ ने बुधवार को वर्ष 2021 की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जो कर्नाटक के मंगलूरु निवासी शैलेश कुमार की पत्नी कविता की तरफ से दायर की गयी थी। शैलेश अभी सऊदी अरब की जेल में 15 साल की सजा काट रहा है। यहां के शाह और इस्लाम पर कथित अपमानजनक टिप्पणी मामले में उसे सजा सुनाई गयी थी। फेसबुक को एक हफ्ते के अंदर पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपने को कहा है। साथ ही पूछा है कि उसने जांच में सहयोग क्यों नहीं किया।

