बीरेंद्र कुमार झा
नीतीश सरकार के SC/ST कल्याण मंत्री संतोष सुमन के इस्तीफे को जेडीयू ने हल्के में लिया है पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह छोटी मोटी बात है,इससे सरकार और जेडीयू के सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। संतोष सुमन के इस्तीफे पर जेडीयू नेताओं ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लपेटा है। डॉक्टर संतोष सुमन जीतन राम मांझी के बेटे हैं और वर्तमान में उनकी पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
क्या है हम पार्टी का आरोप
इस्तीफा देने के बाद संतोष सुमन ने प्रेस कांफ्रेंस करके नीतीश कुमार पर उनकी पार्टी ‘ हम ‘ को जेडीयू में विलय कर हमेशा के लिए खत्म करने कि योजना बनाने का आरोप लगाया ।उन्होंने कहा कि जंगल के शेर से बचने के लिए वे हिरण की तरह बचते रहते थे,लेकिन जब उन्हें लगा कि अब नहीं बच पाएंगे तो वे इस जंगल से ही निकल गए।उन्होंने खुलासा किया उनकी पार्टी को जेडीयू में विलय कर देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था दबाव बनाने वाले टीम में नीतीश कुमार भी शामिल हैं ।
जेडीयू नेता कर रहे हैं नीतीश कुमार का बचाव
पार्टी नेत्री और मंत्री लेसी सिंह ने संतोष सुमन के इस्तीफे पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी के आने जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है, आज कोई गया है तो जल्दी ही कोई दूसरा आ जाएगा, बस इंतजार कीजिए। मीडिया को संबोधित करते हुए लेसी सिंह ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार जी ने तो जीतन राम मांझी को अपनी कुर्सी तक दे दी थी और उनको बिहार का मुख्यमंत्री का बना दिया था। इससे बड़ा सम्मान और क्या हो सकता है! संतोष सुमन के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देने से सरकार की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। ऐसे लोग आते रहते हैं और जाते भी रहते हैं।इसे सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं पड़ेगा ।
वहीं नीतीश सरकार के मंत्री जमा खान ने संतोष सुमन के त्यागपत्र को छोटी मोटी बात बताया है। उन्होंने कहा है कि संतोष सुमन रहे या ना रहे, इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।2024 में देश में लोकसभा का चुनाव होने वाला है, यह उससे पहले का हलचल है। कई लोग महा गठबंधन में शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन का परिवार 7 दलों का है। बड़े परिवार में छोटी मोटी बातें होती रहती है, इससे सरकार पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम लोग इस मसले पर बैठक करके तय करेंगे कि आगे क्या करना है।
बीजेपी ने संतोष सुमन के इस्तीफा मामले पर नीतीश कुमार को लिया लपेटे में
नीतीश मंत्रिमंडल पर जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन के इस्तीफा पर बीजेपी नेता विजय सिन्हा ने कहा कि उनसे बार-बार कसम भी खिलाया जाता है कि साथ रहें और तरह-तरह की शर्तें लात कर प्रताड़ित भी किया जाता है। संतोष सुमन के पास पहले दो मंत्रालय थे, जिसे एक मंत्रालय पर समेट दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने स्वार्थ और अहंकार के लिए नीतीश कुमार ने दलितों का जिस प्रकार से अपमान किया है, इससे किसी भी स्वाभिमानी व्यक्ति को चोट लग सकता है। इस चोट को जीतन राम मांझी ने स्वीकार नहीं किया और अपने बेटे से इस्तीफा दिलवा दी ।इसे कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति स्वीकार नहीं कर सकता है।

