बीरेंद्र कुमार झा
रांची में सक्रिय जमीन माफिया कोलकाता के होटलों में बैठकर सेल डीड में जालसाजी कर अपने गिरोह के सदस्यों को जमीन का फर्जी मालिक बनाया करते हैं। प्रवर्तन निदेशालय(ED) द्वारा जारी जांच के दौरान ऐसी एक तस्वीर मिली है। इस तस्वीर में गिरोह का एक सदस्य सेल डीड में अपनी जरूरत के हिसाब से बदलाव कर रहा है। वह अपने पास कई तरह की कलम रखे हुए हैं।साथ ही एक सिरिंज में स्याही मिटाने के लिए केमिकल और ब्रश भी रखे हुए हैं।गिरोह का सदस्य जिस जमीन के सेल डीड में बदलाव कर रहा है वह जमीन गाड़ी मौजा के खाता नंबर 53 से संबंधित है। जांच के दौरान गिरोह के सदस्यों ने इसे स्वीकार भी कर लिया है।
अफसर खान है गिरोह का सरगना
जमीन माफिया अपनी पहुंच और पैसों के सहारे कोलकाता स्थित रजिस्ट्री कार्यालय से जिस सेल डीड में उन्हें बदलाव करना होता है उसके मूल सेल डीड को निकालकर होटल में लाते हैं । इसके बाद होटल के कमरे में बैठकर उसमें छेड़छाड़ कर अपने गिरोह के सदस्यों को जमीन का फर्जी मालिक बनाते हैं।कोलकाता के दस्तावेज में बदलाव के बाद उसकी सर्टिफाइड कॉपी लेकर उसके सहारे झारखंड में अफसरों के सहयोग से उस जमीन को बेचते हैं ईडी को जमीन की हेराफेरी के इस मामले में छापामारी के दौरान जमीन कारोबारी अफसर खान के घर से जमीन की खरीद बिक्री से संबंधित 35 सेल डीड मिले थे। बताया जा रहा है की अफसर खान दस्तावेज में छेड़छाड़ के बाद जमीन की खरीद बिक्री करने वाले गिरोह का सरगना है।
पूछताछ में स्वीकार किया फर्जीवाड़ा
अफसर खान ने पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया कि उसके घर से जप्त सभी सेल डीड जालसाजी कर तैयार किए गए हैं। गिरोह के सदस्यों को फर्जी तरीके से जमीन का मालिक बनाया गया है। जांच के दौरान ही ईडी को जमीन कारोबारी और अफसर के गिरोह के सदस्य सद्दाम हुसैन की मोबाइल से एक तस्वीर मिली। यह तस्वीर कोलकाता के होटल में बैठकर मूल डीड में छेड़छाड़ कर गिरोह के सदस्य को फर्जी तरीके से जमीन का कागजी मालिक बनाने से संबंधित है।

