WTC Final 2023: एक बार फिर ICC टूर्नामेंट में भारत को मिली करारी हार, टीम इंडिया 10 साल से नहीं जीती ICC की कोई ट्रॉफी

0
177

न्यूज डेस्क
दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ियों से भरी टीम इंडिया का पिछले दस सालों से चल रहा आईसीसी ट्राफी जीतने का सूखा इस बार भी जारी रहा। इंग्लैंड के ओवल में आस्ट्रेलिया से 209 रन से हारकर रोहित शर्मा की टीम लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप खिताब से वंचित रह गई। आस्ट्रेलिया की पहली पारी में 163 रन बनाने वाले ट्रेविस हेड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जीत के लिए 444 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य के जवाब में आखिरी दिन सभी की नजरें विराट कोहली और आईपीएल के ‘वंडर ब्वॉय’ रवींद्र जडेजा पर लगी थी लेकिन स्कॉट बोलैंड ने दोनों को एक ही ओवर में रवाना करके आस्ट्रेलिया की जीत का रास्ता साफ कर दिया। भारत ने आखिरी दिन पहले ही सत्र में सात विकेट 70 रन के भीतर गंवा दिए और दूसरी पारी में 234 रन पर सिमट गई।

भारत ने आखिरी आईसीसी खिताब 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में जीता था। उसके बाद से टीम 2014 टी-20 विश्व कप फाइनल, 2015 वनडे विश्व कप और 2016 टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल, चैंपियंस ट्रॉफी 2017 फाइनल, वनडे विश्व कप 2019 सेमीफाइनल, 2021 टी-20 विश्व कप में सुपर 12 चरण में, 2022 टी-20 विश्व कप सेमीफाइनल और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021 फाइनल हार गई।

चयन के गलत फैसले हों या आईपीएल खेलने के परिणाम, बल्लेबाजों की नाकामी हो या गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी। सिक्के की उछाल के अलावा इस मैच में भारत के पक्ष में कुछ नहीं रहा। आईपीएल में रनों के अंबार लगाने वाले उसके बल्लेबाजों के बल्लों को मानों जंग लग गई और गेंदबाज दहशत पैदा नहीं कर सके। पिछली बार न्यूजीलैंड से हारने वाली भारतीय टीम इस बार आस्ट्रेलिया के खिलाफ भी वही कहानी दोहरा गई। आस्ट्रेलिया के पहली पारी के 469 रन के जवाब में भारत ने 296 रन बनाए थे। आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रन पर घोषित करके भारत को 444 रन का लक्ष्य दिया था।

भारत को उसके दमदार बल्लेबाजी क्रम ने पूरी तरह निराश किया। रोहित, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और कोहली बड़े मैच में चल नहीं सके। पांचवें दिन कोहली और रहाणे क्रीज पर उतरे तो दर्शकों को उम्मीद बंधी थी लेकिन बोलैंड ने सातवें ओवर में ही कोहली और जडेजा को रवाना करके आस्ट्रेलिया के पक्ष में पटकथा लिख डाली। कोहली चौथे दिन जिस फॉर्म में दिख रहे थे, ऐसा लगा था कि वह भारत को चमत्कारिक जीत दिलाएंगे और 76वां शतक ठोकेंगे। लेकिन पेचीदा पिच की असमान उछाल पर विकेट नहीं बचा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here