व्हाट्सएप पर शरद पवार को मिली धमकी, पुलिस कमिश्नर के पास पहुंची सुप्रिया सुले

0
127

बीरेंद्र कुमार झा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता शरद पवार को व्हाट्सएप पर धमकी दी गई है। शरद पवार को धमकी मिलने के बाद उनकी बेटी सुप्रिया सुले इसकी शिकायत करने मुंबई पुलिस कमिश्नर के पास पहुंची। सुप्रिया सुले ने शरद पवार को धमकी मिलने की जानकारी देते हुए एक वेबसाइट का जिक्र किया ।
एनसीपी नेता और सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार के नाम से मेरे व्हाट्सएप पर संदेश आए हैं। उन्हें एक वेबसाइट से धमकी दी गई है और साथ ही संबोधित अकाउंट से भी ऐसे ही संदेश आए हैं। मैं यहां न्याय मांगने आई हूं।मेरी केंद्रीय गृह मंत्री और महाराष्ट्र के गृह मंत्री से मांग है कि यह जो गंदी राजनीति हो रही है वह रुकनी चाहिए।

कोई जानकारी नहीं आई है सामने

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता शरद पवार को लेकर व्हाट्सएप पर आए धमकी भरे मैसेज में क्या कहा गया है, इसे लेकर कोई अधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।ना तो सुप्रिया सुले ने और ना ही किसी पुलिस अधिकारी ने इसे लेकर कोई जानकारी साझा की है।

संजय रावत को भी मिली धमकी

सिर्फ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सुप्रीमो शरद पवार को ही नहीं बल्कि महाविकास आघाडी की सहयोगी पार्टी शिव सेना (यूबीटी) उद्धव गुटके विधायक और सांसदों को भी ऐसी धमकी मिल रही हैं।सुनील राउत जो उद्धव ठाकरे गुट वाले शिव सेना के विधायक हैं,उन्होंने कहा कि सांसद संजय राउत और मुझे कल से जान से मारने के फोन आ रहे हैं।इसमें सुबह मीडिया से बात नहीं करने के लिए कहा गया है। मुंबई पुलिस आयुक्त और महाराष्ट्र के गृह मंत्री को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।

उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मामले पर प्रतिक्रिया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार को धमकी दिए जाने के मामले पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति की एक उच्च परंपरा रही है। हमारे राजनीतिक स्तर पर मतभेद हैं, लेकिन विचारों में मतभेद नहीं है। किसी भी नेता को धमकी देना या सोशल मीडिया पर खुद को अभिव्यक्त करते हुए शिष्टता की सीमा को पार करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में पुलिस निश्चित रूप से कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी ।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here