बीरेंद्र कुमार झा
झारखंड के विश्वविद्यालय अंतर्गत 62 अंगीभूत कॉलेजों में इंटरमीडिएट में सत्र 2023- 25 के लिए नामांकन बंद है। इंटर साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स को मिलाकर लगभग 96 हजार सीटों पर नामांकन रुका हुआ है। नामांकन शुरू होगा या नहीं इसके बारे में कॉलेज प्रशासन बताने की स्थिति में नहीं है।ऐसे में विद्यार्थी नामांकन के लिए भटकने को मजबूर हो गए हैं।
जैक ने भी शिक्षा विभाग व विश्वविद्यालय पर टाला मामला
इस मामले में झारखंड एकेडमिक काउंसिल(JAC) के अध्यक्ष का कहना है कि यह मामला शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय के बीच का है वही विश्वविद्यालय प्रशासन से पूछने पर बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय को अंगीभुत कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई से कोई लेना देना नहीं है, संबंधित कॉलेज के प्राचार्य बता सकेंगे कि नामांकन क्यों रुका हुआ है? दूसरी तरफ कॉलेज के प्राचार्य कहते हैं कि शिक्षा विभाग से उन्हें नामांकन नहीं लेने की जानकारी दी गई है, वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी नामांकन शुरू करने का कोई निर्देश नहीं मिला है।रांची विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालय के प्रशासन द्वारा मीडिया में यह कहे जाने से कि अंगीभूत कॉलेजों में सत्र 2023- 25 में इंटर की पढ़ाई बंद नहीं होगी,से प्राचार्य उलझन में हैं। फिलहाल ये लोग वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं।स्थिति स्पष्ट नहीं होने से जहां विद्यार्थी और अभिभावक परेशान हैं, वहीं कॉलेजों में कार्यरत शिक्षक व कर्मचारी भी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
नामांकन का पता लगाने कॉलेज पहुंच रहे हैं विद्यार्थी और अभिभावक
राज्य में वर्तमान में 634 प्लस टू स्कूल है। इसके अलावा 291 इंटर कॉलेज हैं, जहां साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स की पढ़ाई होती है। दूसरी और दसवीं पास ज्यादातर विद्यार्थी अपनी पहली प्राथमिकता अंगीभूत कॉलेजों को दे रहे हैं। नामांकन संबंधी पता लगाने के लिए प्रतिदिन विद्यार्थी और उनके अभिभावक अंगीभूत कॉलेज पहुंच रहे हैं, लेकिन नामांकन लेना है या नहीं लेना है इसे लेकर कोई भी कॉलेज स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। कॉलेज प्रशासन के द्वारा ठोस जवाब नहीं मिलने से ये लोग मायूस होकर वापस लौट जा रहे हैं।
नई शिक्षा नीति बन रही बाधक
शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति के तहत सत्र 2023- 25 से अंगीभूत कॉलेजों में चल रहे इंटर कॉलेज में किसी भी हाल में नामांकन नहीं लेने का निर्देश जारी किया गया है।सरकार के आदेश के आलोक में ही विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद ने कॉलेज में इंटर में नामांकन नहीं लेने की अधिसूचना जारी कर दी है, जबकि अन्य विश्वविद्यालय ने इससे संबंधित कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।

