न्यूज़ डेस्क
ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 233 पर पहुंच गई है। 900 से ज्यादा यात्री जख्मी हो गए हैं। यहां रात भर से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अस्पतालों में घायलों का अंबार लग गया है। वहीं बताया जा रहा है कि ट्रेन के डिब्बों में भारी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं, उन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोग ही जुट गए हैं। ओडिशा के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने बताया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक दिन के राजकीय शोक का आदेश दिया है। इसलिए पूरे राज्य में 3 जून को कोई उत्सव नहीं मनाया जाएगा।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार शाम हावड़ा जा रही 12864 बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कई डिब्बे बाहानगा बाजार में पटरी से उतर गए और दूसरी पटरी पर जा गिरे। पटरी से उतरे ये डिब्बे 12841 शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस से टकरा गए और इसके डिब्बे भी पलट गए। अधिकारी ने बताया कि कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद एक मालगाड़ी से टकरा गए, जिससे मालगाड़ी भी दुर्घटना की चपेट में आ गई। फिलहाल इस रूट की सभी ट्रेनों को रोक दिया गया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मैंने यह पता लगाने के लिए उच्च-स्तरीय जांच करने का आदेश दिया है कि यह दुर्घटना क्यों हुई। मुख्य कारण तक पहुंचना महत्वपूर्ण है।
ट्रेन नंबर 12837 हावड़ा पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को कैंसिल कर दिया गया है. इसी तरह ट्रेन नंबर 12863 हावड़ा-एसएमवी बैंगलोर एक्सप्रेस रद्द को कैंसिल कर दिया गया है। इसके अलावा ट्रेन नंबर- 12839 हावड़ा-चेन्नई सेंट्रल मेल, 12895, 20831 और 02837 को भी कैंसिल कर दिया गया है।
विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने बताया कि बालासोर के कलेक्टर को भी सभी आवश्यक व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को सूचित करने का निर्देश दिया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अच्छी देखभाल के लिए रेफर किया जाएगा। घटना स्थल पर 15 एंबुलेंस पहुंच गई है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पीड़ितों के लिए मुआवजा के ऐलान किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपये और मामूली रूप से चोटिल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीं, ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे के बाद शनिवार को मुंबई-गोवा वंदे भारत ट्रेन के होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है।

