अवैध खनन मामला:ED के सामने नहीं पेश हुए सोरेन, बोले- अपराध किया है तो करो गिरफ्तार

0
115

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने आज पेश नहीं हुए। सोरेन ने ईडी को खुली चुनौती देते हुए कहा, आज मुझे ईडी के सामने पेश होना था, जबकि छत्तीसगढ़ में मेरा पहले से कार्यक्रम था। अगर मैंने कोई अपराध किया है तो आइए मुझे गिरफ्तार करिए, पूछताछ क्यों कर रहे।

ईडी ने आज सुबह 11 बजे बुलाया था सोरेन को

ईडी ने सोरेन को जांच में शामिल होने के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे अपने रांची कार्यालय में बुलाया था। ईडी ने पूछताछ से पहले झारखंड पुलिस आयुक्त को उचित सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए एक पत्र भी लिखा था। हाल ही में ईडी की छापेमारी में सोरेन द्वारा हस्ताक्षरित एक चेक मिला था। ईडी को मामले में कुछ अनियमितता प्रतीत हो रही है।

ईडी ने सोरेन के करीबियों के खिलाफ दाखिल किया आरोपपत्र

ईडी ने हाल ही में रांची की विशेष अदालत में सोरेन के करीबी पंकज मिश्रा और झारखंड के मुख्यमंत्री के करीबी कहे जाने वाले बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। चार्जशीट पर कोर्ट पहले ही संज्ञान ले चुकी है।

तलाशी के दौरान मिले थे कई आपत्तिजनक दस्तावेज

ईडी ने कहा कि मामले की जांच के दौरान देश में 47 स्थानों की तलाशी ली गई। इस दौरान 5.34 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई और 13.32 करोड़ रुपये की बैंक राशि को फ्रीज किया गया। इसके अलावा पांच स्टोन क्रेशर, दो हाइवा ट्रक, दो एके 47 असॉल्ट राइफल्स के साथ आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here