संसद के नए भवन के उद्घाटन समारोह में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा

0
191

बीरेंद्र कुमार झा

कई प्रमुख विपक्षी दलों की उद्घाटन समारोह के बहिष्कार एवं विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह नए संसद भवन का उद्घाटन कर दिया है।इस दौरान भव्य समारोह का आयोजन किया गया।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा कक्ष में सैंगोल [ राजदंड ] स्थापित किया।इससे पहले तमिलनाडु के पुजारियों ने राजदंड पर पुष्प अर्पित किए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए संसद भवन के उद्घाटन के हवन में शामिल हुए। उन्होंने सैंगोल को साष्टांग प्रणाम किया।इसके बाद उन्होंने इसे संसद भवन के निर्धारित जगह पर प्रतिस्थापित किया।

महान चोल साम्राज्य में सैंगोल को कर्तव्य पथ का प्रतीक माना जाता था

नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज इस ऐतिहासिक अवसर पर कुछ देर पहले संसद की नई इमारत में पवित्र सैंगोल की भी स्थापना हुई है।महान चोल साम्राज्य में सैंगोल को कर्तव्य पथ का, सेवा पथ का और राष्ट्र पथ का प्रतीक माना जाता था। राजा जी और अधिगम के संतों के मार्गदर्शन में यही सैंगोल सत्ता के हस्तांतरण का प्रतीक बना था।तमिलनाडु से विशेष तौर पर अधिगम के संत संसद भवन में हमें आशीर्वाद देने के लिए उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार करने का साधन बनेगा। यह नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा।यह नया भवन विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धि होते हुए देखेगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि नए रास्तों पर चलकर ही नए प्रतिमान गढ़े जाते हैं।आज नया भारत नए लक्ष्य तय कर रहा है।नया जोश है, नई उमंग है, दिशा नई है और दृष्टि भी नई है।

₹75 का सिक्का हुआ जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर विशेष स्मारक डाक टिकट और ₹75 का सिक्का जारी किया। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा के कुछ पल अमर हो जाते हैं आज ऐसा ही एक ऐतिहासिक दिन है।

नया संसद भवन हमारे लोकतंत्र का मंदिर है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में कहा कि आज 28 मई 2023 का दिन देशवासियों के लिए एक शुभ अवसर है। देश आजादी के 75 वर्ष होने पर अमृत महोत्सव मना रहा है। आज सुबह ही संसद भवन परिसर में सर्वपंथ प्रार्थना हुई है। मैं सभी देशवासियों को इस स्वर्णिम क्षण की बहुत बधाई देता हूं। यह सिर्फ भवन नहीं है ,बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। यह हमारे लोकतंत्र का मंदिर है।

अनेकता में एकता ही हमारी ताकत है

संसद भवन के उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पूरा देश आज इस पल का गवाह बन रहा है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। इनके नेतृत्व में 2.5 साल के भीतर ही इस नए संसद भवन का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अमृत काल में विश्व में भारत का मान बढ़ा है हमारा संसद आंतरिक और वैश्विक चुनौतियों को अवसरों में बदलने की क्षमता रखता है ।लोकतंत्र हमारे मजबूत भविष्य की नीव है।अनेकता में एकता ही हमारी ताकत है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश

नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संदेश को पढ़ते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि संसद के नए भवन के उद्घाटन का अवसर भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा। नए संसद भवन का उद्घाटन हमारी विविधता को भारत भूमि के सबसे उत्तरी छोर से दक्षिणी बिंदु तक और पूर्वी सीमा से पश्चिमी तट रेखा तक रहने वाले सभी देशवासियों के लिए गौरव और अतुलनीय आनंद का अवसर है।

अमृत काल में बना नया संसद भवन आगे भी हमारे विकास का साक्षी रहेगा

नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के संदेश को पढ़ते हुए राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की अभूतपूर्व विकास यात्रा कि इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घड़ी और गौरवशाली क्षण में मुझे पूरे देश को बधाई देते हुए बहुत खुशी हो रही है। मुझे यकीन है कि इस अमृत काल में बना यह नया संसद भवन आगे भी हमारे विकास का साक्षी रहेगा ।

प्रधानमंत्री संसद भवन के उद्घाटन को राज्याभिषेक समझ रहे हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नए संसद भवन के उद्घाटन को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए अपने ट्विटर वाल पर लिखा कि संसद लोगों की आवाज है।लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन के उद्घाटन को राज्याभिषेक समझ रहे हैं।

हमारा संसद भवन देश की लोकतांत्रिक गतिविधियों का जीवंत केंद्र

नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह ने कहा कि हमारा वर्तमान संसद भवन देश की लोकतांत्रिक गतिविधियों का जीवंत केंद्र रहा है। हमारी प्रगति का मार्गदर्शक रहा है।यह भवन भारत की स्वतंत्रता प्राप्ति तथा संविधान निर्माण से लेकर हमारी गौरवशाली लोकतांत्रिक यात्रा के दौरान अनेक ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है। उन्होंने आगे कहा कि हम सब प्रधानमंत्री के आभारी हैं कि उन्होंने अमृत काल में नए संसद भवन की संकल्पना को मूर्त रूप दिया है यह जीवंत लोकतंत्र के लिए गर्व का क्षण है। नए संसद भवन में बैठने के लिए अधिक जगह है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here