झारखंड में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों के बीच खूंटी कोर्ट के बाहर चली गोली, युवक घायल

0
129

बीरेंद्र कुमार झा

एक तरफ झारखंड के आला अधिकारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कल से झारखंड आगमन की तैयारी में टूटे हुए थे तो वहीं दूसरी तरफ खूंटी कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े गोली चल गई। यह गोली हुटार निवासी विष्णु  नाथ प्रमाणिक पर एक महिला ने चलाई । विष्णु नाथ प्रमाणिक पर महिला की नाबालिग बेटी को बहकाकर भागने का आरोप है।इस मामले की सुनवाई खूंटी कोर्ट में चल रही है।

गोली लगने के बाद घायल युवक को पुलिस ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद महिला फरार हो गई।पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।इस घटना को लेकर सबसे बड़ी बात यह है कि इस घटनास्थल से महज 500 मीटर दूर बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम है जहां 25 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आगमन होना है।

क्या है मामला

विष्णु नाथ प्रमाणिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा का रहने वाला है और खूंटी के हुटार में रहता है।उस पर आरोप है कि वर्ष 2021 में वह तोरपा रोड में रहने वाले 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले गया था। नाबालिक लड़की की मां ने आरोपी के खिलाफ खूंटी थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। बाद में आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था।

करीब 4 महीने पहले वह जेल से बाहर आया है।सोमवार को आरोपी युवक इसी मामले में पेशी के लिए खूंटी कोर्ट आया था, जहां इससे जुड़ा मामला चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोर्ट परिसर में नाबालिग लड़की की मां और आरोपी युवक के बीच कुछ कहासुनी भी हुई थी।इसके बाद आरोपी जैसे ही कोर्ट से बाहर निकला, महिला उसके सामने पहुंची। उसने अपने बैग से पिस्टल निकाला और आरोपी युवक पर गोली चला दी।गोली युवक के दाहिने माह में लगी जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

राज्य के आला अधिकारी कर रहे थे राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

यह घटना उस वक्त हुई जब राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर आला अधिकारी सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक कर रहे थे। खाद्य आपूर्ति सचिव अमिताभ कौशल, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव मनीष रंजन एवं जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, एडीजे अभियान संजय आनंद लाठकर,आईजी पंकज कंबोज,उपायुक्त और एसपी खूंटी समेत कई आला अधिकारी भी इस समीक्षा बैठक में शामिल थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here