बीरेंद्र कुमार झा
दिल्ली के जंतर मंतर पर बीते 20 दिनों से शीर्ष पहलवान भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच महिला पहलवानों के द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोप में बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली पुलिस के सामने पेश हुए ।दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण शरण सिंह का बयान दर्ज किया है।इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने उनसे कुछ दस्तावेज भी मांगे हैं।बृजभूषण शरण सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
बृजभूषण ने एसआईटी के सामने दर्ज कराया बयान
दिल्ली पुलिस के मुताबिक बृजभूषण शरण सिंह ने एसआईटी के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। असिस्टेंट WFI विनोद तोमर के भी बयान दर्ज किए गए हैं।दिल्ली पुलिस ने महिला पहलवान के आरोपों की जांच के लिए महिला डीसीपी के निगरानी में 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। सूत्रों के मुताबिक बृजभूषण सिंह का बयान दो बार दर्ज हुआ है। बृजभूषण सिंह ने अपनी सफ़ाई में कुछ वीडियो सबूत और मोबाइल डाटा जमा करने की बात कही है।SIT जल्दी ही बृजभूषण शरण सिंह से दोबारा पूछताछ कर सकती है।
बृजभूषण पर महिला पहलवानों ने लगाए हैं संगीन आरोप
भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 7 महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इन पहलवानों की शिकायत पर दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई गई है। पीड़ितों में एक नाबालिग भी है इसके मामले में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन अपराध में बाल संरक्षण अधिनियम ( पोक्सो) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाने के लिए पहलवानों को सुप्रीम कोर्ट जाना पड़ा था।
गौरतलब है कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विनेश फोगाट, बजरंग पुनियाऔर साक्षी मलिक समेत देश के नामी पहलवान बीते 23 अप्रैल से धरने पर बैठे हुए हैं। पहलवानों का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा तबतक वे यहां से नहीं उठेंगे।

