न्यूज डेस्क
गर्मियां हमें केवल थकाती ही नहीं बल्कि तनाव भी बढ़ाती हैं। इस मौसम में बाहरी वातावरण काफी गर्म रहता है तथा प्रदूषण और पसीने की वजह से हमारी स्किन खराब हो जाती है। बाल रूखे,बेजान और दोमुंहे हो जाते हैं। पसीने के कारण बाल काफी मात्रा में झड़ने भी लगते हैं। ऐसे में हमें बालों के लिए ठंडे तेल का इस्तेमाल करना चाहिए। हालांकि कई लोग शरीर की ठंडक के लिए बाजार में मिलने वाले कई प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी करते हैं। लेकिन हम आपको कुछ ऐसे तेल के बारे में बता रहे हैं जिसके इस्तेमाल से बाल कोमल , मुलायम और शरीर ठंडा रहेगा साथ ही कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होगा। लेकिन फिर भी आपको किसी विशेषज्ञ से एक बार सलाह लेकर ही इसका इस्तेमाल करना बेहतर होगा।
बादाम तेल
बादाम का तेल विटामिन ई के गुणों से भरपूर होता है। यह बालों के लिए बेहतरीन क्लींजिंग एजेंट होता है। यह बालों से गंदगी साफ कर इन्हें पोषण देने में मदद करता है। यह काफी लाइट वेट होता है और बालों को घना और मजबूत बनाने के लिए भी यह काफी अच्छा होता है। इसे आप रात में लगाकर सो सकते हैं और सुबह उठकर शैम्पू से बाल धो सकते हैं।

पिपरमेंट ऑयल
गर्मियों में पिपरमेंट ऑयल लगाना बालों के लिए तो फायदेमंद है ही साथ ही यह हमारे ब्लड सर्कुलेशन को भी तेज करता है। इसके अलावा ये एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल है जो कि स्कैल्प को साफ करके बालों को बढ़ने में मदद करता है।
जोजोबा ऑयल
जोजोबा ऑयल हमारे बालों को रूखा, बेजान और डैमेज होने से बचाता है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण बालों की सभी समस्याओं से निजात दिलाने में कारगर होता है। इसके एंटीइंफ्लेमेटरी गुण स्कैल्प की त्वचा को पोषण प्रदान करता है और खुजली को भी कम करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके अलावा हमारे बाल जोजोबा तेल को पूरी तरह से सोख लेते हैं और बाल ऑयली नजर नहीं आते हैं।

कूपर और लौंग का तेल
कूपर और लौंग का तेल बालों के साथ हमारी नसों को भी शांत करने में मदद करता है। इसके अलावा ये तेल सिर दर्द को कम करता है और न्यूरॉन्स को शांत करता है जिससे आप बेहतर महसूस कर सकते हैं। इस तेल हम खुद से भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए किसी भी तेल में लौंग पकाएं और कपूर पकाएं। फिर इसे अपने बालों में लगाएं और मसाज करें।
ऑलिव ऑयल
जैतून का तेल स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह बालों का झड़ना कम करता है। यह रूखे बालों को टूटने और सफेद होने से भी रोकता है। अगर आपके बाल घुंघराले हैं, तो उस स्थिति में भी जैतून का तेल बहुत फायदेमंद है। यह बालों को दोमुंहा होने से भी रोकता है।

नीलगिरी का तेल
नीलगिरी का तेल, सिरदर्द और तनाव को कम करने में मददगार है। इसके अलावा ये तेल नसों को शांत करता है और बेहतर महसूस करवाता है। तो, नीलगिरी का तेल लें और इसे अपने बालों में लगाएं। ये स्कैल्प को साफ करने और डैंड्रफ व स्कैल्प इंफेक्शन को कम करने में मददगार है।
नारियल तेल
नारियल तेल हर मौसम में बालों के लिए अच्छा होता है। यह लाइट वेट के साथ बालों को रिपेयर करने में भी मदद करता है। यह स्कैल्प को पोषण प्रदान कर बालों को जड़ों से मजबूत बनाता है और उन्हें मुलायम बनाए रखता है। नारियल तेल में विटामिन्स, मिनरल्स, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीबैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो डैंड्रफ कम करने में मदद करता है।

एवोकाडो ऑयल
एवोकाडो ऑयल में विटामिन ए, बी, डी और विटामिन ई के साथ-साथ आयरन, एमिनो एसिड और फॉलिक एसिड भी पाए जाते हैं। यह बालों को धूप और प्रदूषण से प्रोटेक्ट करने में मदद करता है। साथ ही यह बालों को नैचुरल साइन और कंडीशनर का काम करता है। इसकी मदद से बाल पतले नहीं होते हैं।

